देश

जम्मू-कश्मीर में सेना ने मार गिराया एक पाकिस्तानी आतंकवादी, घुसपैठ की कर रहा था कोशिश

Indian Army Op in Kashmir: जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के निकट सुरक्षा बलों ने रविवार को घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया और इस दौरान एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। सेना ने यह जानकारी दी।

Image

जम्मू-कश्मीर में सेना ने मार गिराया एक पाकिस्तानी आतंकवादी,

Jammu-Kashmir Terrorism News: जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने आतंकवादियों की घूसपैठ को रोकने के लिए कड़ा प्रहार किया है। सेना ने ऑपरेशन चलाते हुए एक आतंकवादी को भी मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के निकट सुरक्षा बलों ने रविवार को घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया और इस दौरान एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। सेना ने यह जानकारी दी।

श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट किया, 'जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा घुसपैठ के प्रयास के संबंध में दी गई विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर 14-15 मार्च 2026 की दरमियानी रात को जनरल क्षेत्र बुच्छर, उरी सेक्टर में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया।'

अभियान अभी जारी

इसमें कहा गया है कि सैनिकों ने एक आतंकवादी की संदिग्ध गतिविधि देखी। सेना ने कहा, 'आतंकवादी को चुनौती दी गई, जिसके परिणामस्वरूप उसने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। एके राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद समेत युद्ध सामग्री बरामद की गई है।' बता दें कि अंतिम सूचना मिलने तक अभियान जारी था।

सेना के सूबेदार की जान गई

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में शनिवार को आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान एक कनिष्ठ कमीशन अधिकारी (जेसीओ) फिसलकर नीचे गिर गए जिससे उनका निधन हो गया। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने यह जानकारी दी।

सेना ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कहा, ’’ऑपरेशन ’शेरी कलां’ के तहत पुंछ सामान्य क्षेत्र में लंबे समय तक चले अभियानों के दौरान चुनौतीपूर्ण और ऊबड़-खाबड़ इलाके में काम करते समय, आज अपराह्न करीब 2.30 बजे, सूबेदार संदीप कुमार ढाका फिसलकर नीचे गिर गए और बेहोश हो गए।’’

इसने कहा, ’’ढाका को तुरंत पोथा स्थित सैन्य अस्पताल ले जाया गया। उन्हें होश में लाने के लिए चिकित्सकों ने तमाम कोशिशें कीं, लेकिन बहादुर जेसीओ ने कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवा दी।’’

सेना ने जेसीओ के अटूट साहस, दृढ़ समर्पण और नि:स्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

व्हाइट नाइट कोर ने कहा, ’’दुख की इस घड़ी में, हम शोकसंतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और उस योद्धा की स्मृति का सम्मान करते हैं जिसने अपनी अंतिम सांस तक राष्ट्र की सेवा की।’’

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article