देश

'सुव्यवस्थित तमाशे से दुनिया गुमराह नहीं होगी', भारत ने अनुच्छेद 370 पर पाकिस्तान के 'यौम-ए-इस्तेहसाल' को सिरे से किया खारिज

भारत ने अनुच्छेद 370 के खात्मे की वर्षगांठ पर पाकिस्तान द्वारा 'यौम-ए-इस्तेहसाल' मनाए जाने और बयानबाजी करने पर करारा जवाब दिया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसे राजनीतिक तमाशा और झूठा प्रोपेगैंडा करार देते हुए कहा कि दुनिया पाकिस्तान की चालों से गुमराह नहीं होने वाली।

Image

भारत ने 370 के खात्मे और PoJK हिंसा पर भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा

Photo : ANI

अनुच्छेद 370 हटने की वर्षगांठ पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और विदेश मंत्री इसहाक दार द्वारा 'यौम-ए-इस्तेहसाल' के नाम पर दिए गए बयानों पर भारत ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने पाकिस्तान की इस हरकत को राजनीतिक बेतुकापन और अपनी नाकामियों को छुपाने की बौखलाहट करार दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साफ शब्दों में कहा कि दुनिया ऐसे फर्जी कूटनीतिक ड्रामों से अब धोखा खाने वाली नहीं है।

भारत ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं, थे और हमेशा रहेंगे। 5 अगस्त 2019 को किए गए संवैधानिक बदलाव पूरी तरह से भारत का आंतरिक मामला है। इन फैसलों के बाद से क्षेत्र में अभूतपूर्व सामाजिक-आर्थिक विकास, सुशासन और लोकतांत्रिक सशक्तिकरण आया है। भारत के आंतरिक मामलों में बोलने या टिप्पणी करने का पाकिस्तान को कोई नैतिक या कानूनी अधिकार नहीं है।

भारत ने PoJK के बिगड़े हालात को लेकर इस्लामाबाद को घेरा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पाकिस्तान-अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) के बिगड़े हालात को लेकर भी इस्लामाबाद को घेरा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय देख रहा है कि कैसे PoJK में बुनियादी अधिकारों का हनन किया जा रहा है। वहां अपने हक और महंगाई के खिलाफ आवाज उठा रहे निहत्थे नागरिकों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बल घातक बल प्रयोग, लक्षित हत्याएं और कड़े प्रतिबंध लगा रहे हैं। अपने ही अवैध कब्जे वाले क्षेत्र में लोगों का दमन करना पाकिस्तान के दोहरे रवैये को उजागर करता है।

पहले अपने देश में पाकिस्तान आतंकवाद करे खत्म

भारत ने पाकिस्तान को नसीहत दी कि वह भारत के खिलाफ झूठा प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिशों में वक्त बर्बाद करने के बजाय अपने देश में आतंकवाद के ढांचों को नष्ट करे। विदेश मंत्रालय ने मांग की कि पाकिस्तान PoJK में बेगुनाह लोगों पर अत्याचार बंद करे, आतंकवादी नेटवर्क पर ठोस और सत्यापन योग्य कार्रवाई करे और भारत के उन सभी हिस्सों को तुरंत खाली करे जिन पर उसने अवैध और जबरन कब्जा कर रखा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article