देश

'आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने की रणनीति', भारत ने बलूचिस्तान हिंसा पर पाकिस्तान के आरोपों को किया खारिज

Balochistan Violence: भारत ने बलूचिस्तान में शांति भंग करने की कोशिशों में उसका हाथ होने को लेकर पाकिस्तान के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया और पाकिस्तान के दमन, बर्बरता और मानवाधिकार उल्लंघनों के रिकॉर्ड की ओर भी ध्यान दिलाया।

Image

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल फोटो)

Balochistan Violence: भारत ने बलूचिस्तान में शांति भंग करने की कोशिशों में उसका हाथ होने को लेकर पाकिस्तान के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए रविवार को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि यह इस्लामाबाद की अपनी 'आंतरिक विफलताओं' से ध्यान भटकाने की पुरानी रणनीति है।

MEA ने दिया मुंहतोड़ जवाब

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पाकिस्तान के दमन, बर्बरता और मानवाधिकार उल्लंघनों के रिकॉर्ड की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, ''हम पाकिस्तान के निराधार आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं। यह उसकी अपनी आंतरिक नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए अपनाई जाने वाली सामान्य रणनीति के अलावा कुछ नहीं हैं।''

जायसवाल पाकिस्तान की सेना के उस बेबुनियाद दावे पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि भारत बलूचिस्तान में शांति भंग करने की कोशिश कर रहे 'आतंकवादी' तत्वों का समर्थन कर रहा है। उन्होंने कहा, ''हर बार किसी हिंसक घटना के बाद निरर्थक आरोप दोहराने के बजाय पाकिस्तान को क्षेत्र में अपने लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर ध्यान देना चाहिए। दमन, बर्बरता और मानवाधिकार उल्लंघनों का उसका रिकॉर्ड जगजाहिर है।''

15 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत

इस बीच, पाकिस्तान सेना ने कहा कि बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए कई आतंकवाद-रोधी अभियानों में कम से कम 15 पाकिस्तानी सैनिक और 92 चरमपंथी मारे गए। सेना के बयान के अनुसार, ये अभियान शनिवार को जातीय बलूच समूहों से जुड़े चरमपंथियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर किए गए हमलों के बाद शुरू किए गए। पाकिस्तान सेना ने कहा कि चरमपंथियों ने क्वेटा, मस्तुंग, नुश्की, दलबंदीन, खारान और पंजगुर तथा आसपास के इलाकों में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देकर शांति भंग करने की कोशिश की।

सनद रहे कि बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शनिवार को ऑपरेशन हेरोफ 2.0 के तहत बलूचिस्तान के 14 शहरों में एक साथ भीषण हमले किए। इन हमलों में सैन्य, प्रशासनिक और सुरक्षा ढांचों को निशाना बनाया गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article