दुनिया

Pakistan: बलूचिस्तान में BLA का एक साथ 10 शहरों में हमला, कई पुलिस चौकियों पर कब्जा; 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत

Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलोच विद्रोहियों ने 10 शहरों में एक साथ हमले किए। इस दौरान बलोच विद्रोहियों ने पुलिस स्टेशनों पर कब्जा किया और कई जगहों पर बैकफुट पर आई पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने पड़ा।

Image

बलूचिस्तान के कई शहरों में BLA का हमला, वैकफुट में आई PAK सेना (फाइल फोटो)

Pakistan: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में शनिवार को बलोच विद्रोहियों ने 10 शहरों में एक साथ हमले किए। इस हमले में कम से कम 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि पाकिस्तान सरकार का दावा है कि हमने 37 आतंकवादियों को मार गिराया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलोच विद्रोहियों ने एक साथ कई जगहों पर हाहाकार मचाया। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत की पुष्टि की और कहा कि जवाबी कार्रवाई में 37 आतंकवादियों को मार गिराया गया है।

पोस्ट छोड़ भागे सुरक्षाकर्मी

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बलोच विद्रोहियों ने 'ऑपरेशन हीरोफ' के दूसरे चरण के तहत बलूचिस्तान प्रांत के कई जिलों में पाकिस्तानी सेना और पुलिस स्टेशन पर हमले किए। अचानक हुए इन हमलों से बैकफुट में आई पाकिस्तानी सेना को अपनी पोस्ट छोड़कर भागना पड़ा।

बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच कहा कि यह अभियान 'कब्जा करने वाली पाकिस्तानी सरकार और उसकी सैन्य व प्रशासनिक व्यवस्था' के खिलाफ है। उन्होंने बलोचों से विद्रोहियों के साथ एकजुटता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि इस संघर्ष के जरिए हर शहर और मोहल्ले में दुश्मन को हराया जाएगा।

इन शहरों में भीषण गोलीबारी

सूत्रों के मुताबिक, क्वेटा, नुश्की, कलात, मस्तुंग, दल्बंदीन, खारान, ग्वादर, पसनी, तुंप, बुलेदा और धादर समेत कई इलाकों में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। कई जगहों पर भारी गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। राजधानी क्वेटा में भी रेड ज़ोन समेत कई संवेदनशील इलाकों में फायरिंग और धमाकों की सूचना मिली है।

बताया जा रहा है कि सरियाब रोड पर हथियारबंद लोगों ने पाकिस्तानी पुलिस की एक मोबाइल वैन पर हमला किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी मारे गए और वाहन को आग के हवाले कर दिया गया।

10 शहरों में एक साथ हमले

बीएलए ने दावा किया है कि ऑपरेशन के दूसरे चरण में उसने एक साथ 10 शहरों में समन्वित हमले किए हैं। बकौल बीएलए, उसने पाकिस्तानी सेना और प्रशासनिक ढांचे को निशाना बनाया, सेना की आवाजाही को बाधित किया। जिसके परिणामस्वरूप कई शहरों में सेना को पीछे हटना पड़ा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article