भारत फ्रांस मिलकर हेलीकॉप्टर बनाएंगे; पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने साझा प्रेस कांफ्रेंस में किए कई अहम एलान
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Feb 17, 2026, 06:22 PM IST
मुंबई में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रोन के साथ वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-फ्रांस संबंध बहुत खास हैं। भारत और फ्रांस ने अपने संबंधों को वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के विशेष स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है
पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति के बीच हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कर्नाटक के वेमगल में टाटा एयरबस के H125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस दौरान एच-125 हेलीकॉप्टर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर भारत में एक ऐसा हेलीकॉप्टर बनाएंगे जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक उड़ान भरने में सक्षम होगा। द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम मोदी और इमैनुएल मैक्रों ने साझा प्रेस कांफ्रेस भी की।
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का मुंबई में स्वागत
साझा प्रेस कांफ्रेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का मुंबई में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पिछले वर्ष उन्होंने मुझे फ्रांस में आयोजित AI एक्शन समिट के लिए बुलाया था। उस समय हमने मार्सिले की यात्रा की थी, जो फ्रांस का सबसे बड़ा पोर्ट है और फ्रांस और पूरे यूरोप का एक प्रमुख गेटवे भी है। मार्सिले वही शहर है जहां से पहले विश्व युद्ध में हमारे भारतीय सैनिकों ने यूरोप में अपने कदम रखे थे। उनकी बहादुरी की गाथा आज भी यूरोप के कई भागों में याद की जाती है। इस बार जब राष्ट्रपति मैक्रों भारत में AI इम्पैक्ट समिट के लिए आए हैं, तो हमारा सौभाग्य है कि हम उनका स्वागत भारत के गेटवे यानी मुंबई में कर रहे हैं।
भारत और फ्रांस के संबंध बहुत ही विशेष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस के संबंध बहुत ही विशेष है। फ्रांस भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदार में से एक है। राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मिलकर हमने इस रणनीतिक साझेदारी को अभूतपूर्व गहराई और ऊर्जा दी है। आज के उथल पुथल भरे समय में हम अपने संबंधों में ग्लोबल स्ट्रैटजिक संबंध को स्थापित कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने बड़ा एलान करते हुए भारत फ्रांस मिलकर भारत में हेलीकाप्टर बनाएंगे और दुनिया को एक्सपोर्ट भी करेंगे।
इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन का लक्ष्य मिलकर काम करना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन के लॉन्च से अब हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को पार्टनरशिप ऑफ द पीपल बनाने जा रहे हैं क्योंकि इनोवेशन आइसोलेशन में नहीं बल्कि मिलकर काम करने से होता है। इसलिए,इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन के दौरान हमारा लक्ष्य लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करना है।
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया पीएम मोदी का धन्यवाद
वहीं, इस साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत के मेरे चौथे ऑफिशियल दौरे पर आपके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं आपका शुक्रिया अदा करता हूं। भारत और फ्रांस के बीच बाइलेटरल रिश्ता सच में बहुत खास और अनोखा है। यह रिश्ता भरोसे, खुलेपन और एम्बिशन का है।
हम आतंकवाद से लड़ने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे- मैक्रों
प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि हम आतंकवाद से लड़ने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। हमारे दोनों देश कानून के शासन में दृढ़ विश्वास रखते हैं,और यह पिछले कुछ वर्षों में सिद्ध हो चुका है। राफेल जेट से लेकर पनडुब्बियों तक,हम रक्षा सहयोग का विस्तार कर रहे हैं। भारत फ्रांस के सबसे भरोसेमंद साझेदारों में से एक है।
हमने पिछले आठ सालों में मिलकर कई इनिशिएटिव लिए- मैक्रों
उन्होंने कहा कि हमने आज इस पार्टनरशिप को एक स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने का भी फैसला किया है,इसे एक नया स्टेटस दिया है। इसमें कोई शक नहीं है,क्योंकि हमें इस रिश्ते पर पूरा भरोसा है और हम पिछले 8 सालों से ऐसा कर रहे हैं। हर साल, अलग-अलग चीजों पर काम करके, हमने कई नए रास्ते बनाए हैं। उदाहरण के लिए,चाहे वह इंडो-पैसिफिक रीजन हो या टेक्नोलॉजी, जहां कोई हेजेमनी नहीं है। हम कानून के राज में पक्का यकीन करते हैं और हमने पिछले कुछ सालों में यह दिखाया है। चाहे वह IMEC हो,जिसे हमने मिलकर लॉन्च किया था और या फिर हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बात कर रहे हों या इंटरनेशनल सोलर अलायंस की,हमने पिछले आठ सालों में मिलकर कई इनिशिएटिव लिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
