India COVID-19 Cases: देश में कोविड के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, एक के बाद एक 26 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। केरल में सबसे ज्यादा कोविड के सक्रिय मामले हैं तो वहीं दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है। जनवरी से अबतक 22 लोगों की मौत कोविड से हो चुकी है, हालांकि ये लोग कई अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे।
केरल में सबसे ज्यादा कोविड के मामले
देश में इस समय कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 3395 हो चुकी है। केरल 1,147 मामलों के साथ सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, उसके बाद महाराष्ट्र (424), दिल्ली (294) और गुजरात (223) का स्थान है। सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र (7) में हुई हैं, उसके बाद केरल (5) और दिल्ली (2) का स्थान है।
कर्नाटक में एडवाइजरी जारी
कर्नाटक में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने शनिवार को एक परामर्श जारी कर लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का ध्यान रख जिम्मेदार व्यवहार करने को कहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त ने कोविड-19 निगरानी और सुरक्षा पर सार्वजनिक परामर्श जारी किया है। परामर्श के मुताबिक, “कर्नाटक में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रदेश सरकार संक्रमण को रोकने, मामलों का पता लगाने और देखभाल प्रदान करने के लिए जारी प्रयासों के माध्यम से कोविड-19 की निगरानी और प्रबंधन जारी रखे हुए है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सभी नागरिकों से अनुरोध करता है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें और सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयासों का सक्रिय रूप से समर्थन करें।”
