देश

Live Updates: 'सब याद रखा जाएगा, लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे', हिरासत में प्रियंका-राहुल, कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

मार्च शुरू होने से पहले विपक्षी नेताओं ने ईसीआई और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमला बोला है। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया है। संजय राउत ने पूछा कि सांसदों को रोकने के लिए इतनी सुरक्षा व्यवस्था क्यों?

Image

राहुल-प्रियंका गांधी को डिटेन किया गया।

India Alliance March Live Updates : इंडिया गठबंधन मंगलवार को भारतीय चुनाव आयोग (ECI) मुख्यालय तक मार्च निकाल रहा है। गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने, एसआईआर पूरी तरह से रद्द करने और ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। इंडिया गठबंधन के इस मार्च को देखते हुए संसद से लेकर जंतर-मंतर और ईसीआई मुख्यालय तक भारी सुरक्षा बंदोबस्त किया गया है। कई इलाकों में निषेधाज्ञा लागू है। मार्च से पहले विपक्षी नेताओं ने ईसीआई और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमला बोला है। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया है।

इंडिया गठबंधन मार्च Live Updates:

केसी वेणुगोपाल और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग समेत कांग्रेस सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। इंडिया ब्लॉक के नेता आकाशवाणी भवन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

राहुल-प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया। प्रियंका गांधी को बस मे बैठाया गया। इसके अलावा कई नेताओं को डिटेन किया गया।

राहुल गांधी-प्रियंका गांधी सहित कई कांग्रेस नेता आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं।

चुनाव आयोग से मुलाकात को लेकर कांग्रेस ने औपचारिक पहल की है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त समेत दोनों चुनाव आयुक्तों से मुलाकात का समय मांगते हुए औपचारिक पत्र भेजा है। पार्टी की मांग है कि प्रतिनिधिमंडल को तीनों चुनाव आयुक्तों से एक साथ मुलाकात का मौका दिया जाए।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, अगर चुनाव आयोग की ओर से कोई अधिकारी आकर अगले एक-दो दिनों में मुलाकात का भरोसा देता है, तो राहुल गांधी आज अपना धरना खत्म कर सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से यह भी कहा गया है कि राहुल गांधी की शर्त है कि चुनाव आयोग से मुलाकात सभी 300 सांसदों के साथ हो। फिलहाल राहुल गांधी समेत कांग्रेस और विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन जारी है। अब नजर चुनाव आयोग की ओर से मिलने वाले जवाब पर है।

चुनाव आयोग की तरफ से संकेत मिले है कि एक डेलिगेशन को मिलने के लिए बुलाया जा सकता हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर EC हमे बुलाता है तो हम मिलने जाएंगे, इंडिया गठबंधन के साथियों के साथ जाएंगे।

चुनाव आयोग से मुलाकात की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इस मामले को लेकर गृह सचिव के साथ समन्वय कर रही हैं। उन्होंने गृह सचिव को बताया है कि कांग्रेस चुनाव आयुक्तों (ECs) से मुलाकात करना चाहती है।

सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी ने स्पष्ट किया है कि जब तक चुनाव आयोग से मुलाकात के लिए समय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। पार्टी चुनाव आयोग के सामने अपनी मांग और मुद्दे रखने के लिए प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात चाहती है। कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग से मुलाकात को लेकर लगातार मांग की जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि चुनाव आयोग की ओर से प्रतिनिधिमंडल को मिलने के लिए कब समय दिया जाता है।

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने देश को हाईजैक कर लिया है और हम संविधान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।” वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर भी राहुल गांधी ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस उन्हें वहां से हटाना चाहती है तो यह बताया जाए कि वह आखिर कहां बैठ सकते हैं—जंतर-मंतर, इंडिया गेट या सड़क पर।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग की ओर से पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात के लिए बुलाए जाने के संकेत मिले हैं। अगर आयोग की ओर से बुलावा आता है तो कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मुलाकात करेगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के नेता भी शामिल हो सकते हैं।

-आकाशवाणी भवन के परिसर में मौजूद राहुल गांधी ने मीडिया से बात की है। ईसीआई भवन नहीं जाने देने पर राहुल ने पूछा कि हमें क्यों रोका जा रहा है। हम ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं। ईसीआई का काम चुनाव कराना है। कांग्रेस सांसद ने भाजपा-आरएसएस पर हमला बोला। उन्होंने आरएसएस-भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि वह देश की आवाज उठा रहे हैं। मोदी और शाह ने देश को हाईजैक कर लिया है।

-इंडिया गठबंधन के मार्च में शामिल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन में बैठे हैं। इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी भवन में दाखिल हुए हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भवन में दाखिल होने की कोशिश कर रहे हैं, पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की है। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई है।

-यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने डिटेन करने आने वाली बसों को पंक्चर किया है।

-मार्च में शामिल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोग चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगे। इन लोगों को वोट से हराएंगे। भाजपा और सीईसी दोनों को जाना होगा।

-लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चुनाव आयोग मुख्यालय तक जाने की कोशिश करते दिखे लेकिन सुरक्षाबल इस मार्च को आगे बढ़ने नहीं दे रहे हैं। पुलिस ने कई सांसदों को हिरासत में लिया है। सीईसी के खिलाफ नारेबाजी के बीच राहुल गांधी ने आकाशवाणी भवन में दाखिल होने की कोशिश की। उनके साथ प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं।

-राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बिठाया है। कांग्रेस कार्यकर्ता बस रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

-मार्च में शामिल राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड पर चढ़े और तिरंगा लहराया। विपक्ष के इस मार्च को पुलिस आगे बढ़ने नहीं दे रही है।

-INDIA ब्लॉक के सांसदों के विरोध मार्च में शामिल समाजवादी पार्टी के सांसद, चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर जाते समय नीति आयोग के कार्यालय के पास दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़ गए।

--मार्च में शामिल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं। सरकार लोगों का हक छीन रही है। विपक्ष लोगों के हक के लिए लड़ रहा है।

-संसद परिसर से मार्च शुरू होते ही राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने कहा, 'ज्ञानेश, भाई आपका खेल अब खत्म, यह इस्तीफा देने का समय है।' इस मार्च में प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हैं। चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाल रहे विपक्ष को सुरक्षाकर्मियों ने नीति आयोग के कार्यालय के पास रोक दिया। इसके बाद विपक्षी नेता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए।

-मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक का मार्च शुरू हो गया है। यह मार्च संसद परिसर से शुरू हुआ। मार्च में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव सहित विपक्ष के नेता शामिल हो रहे हैं। विपक्षी नेता बीच सड़क पर धरने पर बैठे हैं। इंडिया गठबंधन का यह मार्च भारतीय चुनाव आयोग के मुख्यालय तक जाना है।

-‘सेव डेमोक्रेसी’ का बैनर लेकर INDIA ब्लॉक के सांसद जल्द ही संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग (ECI) की ओर विरोध मार्च शुरू करेंगे।

हमारी मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे-संबित पात्रा

INDIA ब्लॉक के सांसदों के चुनाव आयोग (ECI) तक विरोध मार्च से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कहा, 'हमारी मदद ज्ञानेश जी नहीं, बल्कि गणेश जी कर रहे हैं। बीजेपी की मदद गणेश जी कर रहे हैं—ज्ञान, बुद्धि और विवेक के देवता गणेश जी, ज्ञानेश जी नहीं। भारत के लोगों में बुद्धि, ज्ञान और विवेक है। वे जानते हैं कि उन्हें वंशवाद, भ्रष्टाचार और आतंकवादियों के साथ खड़े होने वालों को वोट नहीं देना है। वे यह भी जानते हैं कि ऐसे लोगों को वोट नहीं देना है, जो कैप्टन स्मित के लिए एक ट्वीट तक नहीं कर सकते। वे जानते हैं कि उन्हें उस व्यक्ति को वोट देना है जो कहता है—‘मैं देश नहीं झुकने दूंगा।’

बीजेपी के लिए काम कर रहा चुनाव आयोग-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा, 'चुनाव आयोग को लेकर शिकायतें और आपत्तियां, और जिस तरह से वह काम करता है, कोई नई बात नहीं है। चुनाव आयोग ऐसा व्यवहार करता हुआ नजर आता है, जैसे केवल बीजेपी के सदस्य ही भारतीय नागरिक हों। अक्सर ऐसा लगता है कि आयोग की नजर में वोट देने का अधिकार भी सिर्फ बीजेपी के सदस्यों को है। लोग कहते थे कि बीजेपी एक ‘चुनावी मशीन’ की तरह काम करती है। वे सिर्फ चुनाव नहीं जीतते, बल्कि उनके पास बहुत बड़े वित्तीय संसाधन भी हैं। हमने देखा कि बंगाल में किस तरह बल प्रयोग करके बूथों पर कब्जा किया गया। और यह सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं था; इससे पहले यूपी में भी ऐसा किया गया। उन्होंने कुंदरकी और मीरापुर के चुनावों में धांधली की, साथ ही अयोध्या और अंबेडकर नगर के उपचुनावों में भी ऐसा किया। सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया।

राउत ने पूछा-हमें रोकने के लिए इतनी सुरक्षा व्यवस्था क्यों?

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, 'सुरक्षा व्यवस्था जरूरत से ज्यादा है। इसे बताने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (BSF) तैनात किया है और हजारों CISF जवानों को बुलाया है। संसद भवन से लेकर चुनाव आयोग मुख्यालय और सभी मंत्रियों के आवास तक हर जगह सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुझे अभी इसकी जानकारी मिली है। इसकी जरूरत क्या है? हम सांसद हैं, इस देश के प्रतिनिधि हैं। हमें रोकने के लिए इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को क्यों तैनात किया गया है? हम पैदल वहां जाएंगे; हमारे पास कोई हथियार नहीं है। हम सिर्फ चुनाव आयोग के कार्यालय जाकर ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने के लिए कहेंगे। वे देश के दुश्मन हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि यह व्यक्ति झूठ बोलता है। ऐसे व्यक्ति के पास कोई नैतिक अधिकार नहीं है।'

'केजरीवाल को इस लड़ाई में शामिल होना चाहिए'

AAP और अरविंद केजरीवाल के मार्च में शामिल नहीं होने पर संजय राउत ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल हमेशा लोकतंत्र में विश्वास करते रहे हैं। उन्होंने तानाशाही खत्म करने के लिए संघर्ष किया, आवाज उठाई और इसके लिए जेल भी गए। अब जब हम एक तानाशाह का सामना कर रहे हैं, तो हमें अपने मतभेदों, शिकायतों और अहंकार को अलग रख देना चाहिए। यह देश की आजादी की लड़ाई है। केजरीवाल को इस लड़ाई में शामिल होना चाहिए।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!