देश

ईरान जाने से बचें:भारत ने जारी की नई ट्रैवल एडवाइजरी; सतर्क रहने को कहा, आपातकालीन नंबर भी जारी किए

भारतीय मिशन ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों और वहां पहुंचने वाले लोगों से जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा,दूतावास की वेबसाइट और सोशल मीडिया मंचों पर जारी होने वाले अपडेट और नई सलाहों पर नियमित रूप से नजर रखने को कहा गया है।

Image

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी। (फोटो- AI)

भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बुधवार को जारी एडवाइजरी में भारतीयों को अगली सूचना तक ईरान की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है। यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी की गई है जब पश्चिम एशिया में हालात पहले से थोड़े बेहतर हो रहे हैं।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह ईरान में मौजूदा सुरक्षा हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालिया सकारात्मक घटनाक्रमों और समग्र स्थिति में सुधार को देखते हुए ट्रैवल एडवाइजरी को संशोधित किया गया है। इसमें कहा गया है, 'हाल में हालात में सुधार के बावजूद भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान की सभी गैर-आवश्यक यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है।

हर वक्त रहे सतर्क- तेहरान स्थित भारतीय दूतावास

इसके साथ ही दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीयों और अपरिहार्य कारणों से वहां जाने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने, हर समय सावधान रहने तथा स्थानीय परिस्थितियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराने का भी किया आग्रह

भारतीय मिशन ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों और वहां पहुंचने वाले लोगों से जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा,दूतावास की वेबसाइट और सोशल मीडिया मंचों पर जारी होने वाले अपडेट और नई सलाहों पर नियमित रूप से नजर रखने को कहा गया है।

दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी

दूतावास ने आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल संपर्क भी साझा किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।

भारत ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद कई बार यात्रा परामर्श जारी किए हैं। यह ताजा सलाह उस समय आई है जब पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। इसके बाद दोनों पक्षों ने शांति कायम करने के लिए तकनीकी स्तर की वार्ताएं शुरू की हैं। इसके बावजूद भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्क रुख बनाए रखा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article