देश

'लंबे समय तक पूरी जानकारी वाली लड़ाई नहीं लड़ पाएगा PAK', BSF जवानों के बीच अमित शाह ने पाकिस्तान को दिखाया आईना

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केवल तीन दिनों में ही भारतीय सेना ने उसके 118 से ज्यादा पोस्टों को ध्वस्त कर दिया। सबसे ज्यादा नुकसान पाकिस्तान के निगरानी उपकरणों को पहुंचा है। शाह ने कहा कि मौसम खराब होने के बावजूद उन्होंने यहां आने का फैसला किया।

Image

बीएसएफ जवानों के बीच गृह मंत्री अमित शाह।

Amit Shah : गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ है और यह नुकसान इतना बड़ा है कि वह लंबे समय तक पूरी जानकारी वाली लड़ाई नहीं लड़ पाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि केवल तीन दिनों में ही भारतीय सेना ने उसके 118 से ज्यादा पोस्टों को ध्वस्त कर दिया। सबसे ज्यादा नुकसान पाकिस्तान के निगरानी उपकरणों को पहुंचा है। शाह ने कहा कि मौसम खराब होने के बावजूद उन्होंने यहां आने का फैसला किया।

उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की

शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति और अमरनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बृहस्पतिवार रात यहां एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यह बात कही। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘अमरनाथ तीर्थयात्रा की तैयारी की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता की और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था और तैयारियों का आकलन किया। अत्यंत सतर्कता बनाए रखने और पवित्र यात्रा को निर्बाध रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।’

नौ अगस्त को समाप्त होगी अमरनाथ यात्रा

शाह ने कहा कि केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन तीर्थयात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

वार्षिक अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होकर नौ अगस्त को समाप्त होगी। अधिकारियों ने बताया कि शाह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार शाम यहां पहुंचे थे। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद शाह का केंद्र शासित प्रदेश का यह पहला दौरा है।

हमलों में कुल 28 लोगों की जान चली गई

गृह मंत्री आज यानी शुक्रवार को पुंछ का दौरा करेंगे और पाकिस्तानी गोलाबारी से प्रभावित लोगों से मिलेंगे। अधिकारियों ने बताया कि शाह पुंछ जिले में धार्मिक स्थलों का भी दौरा करेंगे और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कर्मियों से मिलेंगे। पुंछ में सात से 10 मई तक सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी गोलाबारी एवं ड्रोन हमलों में कुल 28 लोगों की जान चली गई थी। उनमें सबसे अधिक 14 आम नागरिक थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्र ने अमरनाथ यात्रा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 581 कंपनी तैनात किए जाने का आदेश दिया है।

उन्होंने बताया कि 424 कंपनियां केंद्र शासित प्रदेश में भेजी जा रही हैं और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जम्मू-कश्मीर पहुंचीं करीब 80 कंपनी समेत शेष कंपनी को तीर्थयात्रा मार्ग, तीर्थयात्रियों और श्रीनगर सहित अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article