देश

असम विमान हादसे की जांच के लिए 'कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी' के आदेश, रक्षामंत्री बोले- 'वीरों की सेवा और साहस को राष्ट्र रखेगा याद'

Assam Plane Crash: असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान भारतीय वायुसेना का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वायुसेना ने हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए हैं।

Image

असम में बड़ा विमान हादसा

Photo : ANI

Assam Plane Crash: असम के जोरहाट से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना (IAF) का एक एएन-32 (AN-32) परिवहन विमान शनिवार सुबह जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में वायुसेना के पांच वीर जवानों ने देश की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया, जबकि विमान के सह-पायलट इस हादसे में सुरक्षित बच गए हैं और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। शहीद होने वाले जांबाजों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं।

हादसे के तुरंत बाद जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन के बाहर कई दमकल गाड़ियों को तैनात देखा गया, जिन्होंने स्थिति को काबू में करने का प्रयास किया।

भारतीय वायुसेना (IAF an 32 Crash Jorhat) ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बयान जारी किया है। वायुसेना ने कहा कि वह अपने पांच वीर कर्मियों के खोने से बेहद स्तब्ध है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। दुख की इस घड़ी में पूरा देश और वायुसेना इन परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ मजबूती से खड़ा-राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने इस घटना को लेकर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा: "असम के जोरहाट में हुए एन-32 विमान हादसे में पांच वायु योद्धाओं के शहीद होने से मैं अत्यंत व्यथित हूं। स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्र के प्रति उनके साहस और सेवा को हम सदा गौरव और कृतज्ञता के साथ याद रखेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है।"

'कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी' के मिले आदेश

देश के लिए इन वीरों का साहस और उनकी सेवा हमेशा गर्व और कृतज्ञता के साथ याद रखी जाएगी। इस बीच, वायुसेना ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए 'कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी' (जांच समिति) के गठन के आदेश दे दिए हैं। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि लैंडिंग के वक्त विमान में तकनीकी खराबी आई थी या क्रैश की वजह कुछ और थी। इस हादसे ने रक्षा जगत और पूरे देश को गहरे शोक में डुबो दिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article