क्रिकेट

SL vs ENG: जोस बटलर की तूफानी पारी से जीता इंग्लैंड, टी20 सीरीज में श्रीलंका का सूपड़ा साफ

इंग्लैंड ने श्रीलंका को हराकर 3 मैच की टी20 सीरीज अपने नाम कर ली। इंग्लैंड के सामने 125 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बटलर 62 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे।

Image

श्रीलंका बनाम इंग्लैंड (साभार-X)

इंग्लैंड ने जोस बटलर के तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर श्रीलंका को तीसरे टी20 मुकाबले में हरा दिया। इंग्लैंड के सामने 125 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 9.4 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जोस बटलर ने 32 गेंद में नाबाद 62 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के जड़े। बटलर ने कप्तान हैरी ब्रूक के साथ दूसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ 85 रन की साझेदारी की। कप्तान ब्रूक 21 गेंद में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। यह इंग्लैंड की लगातार तीसरी जीत थी और इस तरह उसने 3 मैच की टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया।

इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही ठहराते हुए श्रीलंका को केवल 22 रन के स्कोर पर पहला झटका दिया। लहिरु उदारा के रूप में श्रीलंका ने अपना पहला विकेट गंवाया जो 7 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। एक वक्त श्रीलंका ने 107 रन के स्कोर पर 5 विकेट ही गंवाए थे, लेकिन आखिरी कुछ ओवर में जिस तरह की बल्लेबाजी मेहमान टीम ने की वह सवालों के घेरे में है।

श्रीलंका ने अपने आखिरी 5 विकेट केवल 10 रन के भीतर गंवाए। श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक 36 रन की पारी पथुम निसांका ने जबकि कामिंदु मेंडिस ने 35 रन की पारी खेली। इन दोनों क अलावा कोई भी श्रीलंकाई बल्लेबाज, इंग्लैंड गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर और विल जैक्स ने 2-2 विकेट चटकाए।

टी20 सीरीज में श्रीलंका का सूपड़ा साफ

इंग्लैंड ने 3 मैच की टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। पहला मैच इंग्लैंड ने 119 रन से जीता था, जबकि दूसरे मुकाबले में उसने मेहमान श्रीलंका को 6 विकेट से हराया। 22 सितंबर से 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज होने वाला है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article