Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित पति शनिवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की। उसका आरोप है कि उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा नहीं करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जाती हैं।
2017 में हुई थी शादी
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला इलाके का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले रविंद्र कुमार के मुताबिक, उसकी शादी 8 दिसंबर 2017 में गोल्डी नाम की युवती से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। दंपति की दो बेटियां हैं। रविंद्र का दावा है कि शादी के कुछ समय बाद उसे पत्नी और उसके मायके के लोगों के ईसाई धर्म से जुड़े होने की जानकारी मिली। इस बात पर आपत्ति जताने के बाद कथित तौर पर उस पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जाने लगा।
परिवार और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां
रविंद्र ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उसका कहना है कि कभी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जाती है तो कभी उसके परिवार और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां मिलने का दावा किया जाता है। पीड़ित के अनुसार, हालात इतने बिगड़ गए कि उसे अपनी धार्मिक मान्यताओं को छोड़ने के लिए दबाव महसूस होने लगा।
मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में भंडारा कराने पर भी जताई आपत्ति
रविंद्र का आरोप है कि हाल ही में मेहंदीपुर बालाजी मंदिर जाने और वहां भंडारा कराने के बाद भी उससे सवाल किए गए और धार्मिक गतिविधियों को लेकर आपत्ति जताई गई। उसने दावा किया कि उसके परिवार के सदस्यों को भी फोन के जरिए धमकियां मिली हैं। पीड़ित ने अधिकारियों के सामने अपनी ओर से कुछ वीडियो, तस्वीरें और अन्य सबूत होने की बात भी कही है।
जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी
पीड़ित ने कहा कि वह अपनी धार्मिक पहचान बदलना नहीं चाहता और इसी विवाद के चलते वह लगातार दबाव में है। उसने अधिकारियों से पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से राहत दिलाने तथा धमकियों की जांच कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा के मुताबिक, नगर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले में सामने आए तथ्यों और कथित अवैध धर्मांतरण से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
