देश

प्रौद्योगिकी-तकनीक में महारत देख गदगद हुए जर्मनी के विदेश मंत्री, बोले-नए खोज का पावरहाउस बन गया है भारत

भारत के आईटी सिटी के रूप में मशहूर बेंगलुरु में जोहान ने प्रौद्योगिकी एवं उच्च तकनीक में भारत की महारत देख इसकी खूब प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि जर्मनी और नई दिल्ली आपसी सहयोग बढ़ाकर एक-दूसरे से काफी कुछ हासिल कर सकते हैं।

Image

जर्मनी के मंत्री ने किया बेंगलुरु का दौरा। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Johann Wadephul Bengaluru Visit: बेंगलुरु का दौरा कर जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल काफी प्रभावित हए हैं। भारत के आईटी सिटी के रूप में मशहूर बेंगलुरु में जोहान ने प्रौद्योगिकी एवं उच्च तकनीक में भारत की महारत देख इसकी खूब प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि जर्मनी और नई दिल्ली आपसी सहयोग बढ़ाकर एक-दूसरे से काफी कुछ हासिल कर सकते हैं। जोहान की बुधवार को अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर से मुलाकात हुई।

हरित हाइड्रोजन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे दोनों देश

वेडफुल से मुलाकात के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि वार्ता में अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, रक्षा, प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया। हमने बहुत ही सार्थक बातचीत की। हम भारत के साथ व्यापार को दोगुना करने संबंधी जर्मनी के लक्ष्य की सराहना करते हैं। भारत ने निर्यात नियंत्रण संबंधी मुद्दों को सुलझाने के लिए जर्मनी की सराहना की। हम सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग के लिए जर्मनी की दिलचस्पी का स्वागत करते हैं। विदेश मंत्री ने आगे कहा कि दोनों देश हरित हाइड्रोजन क्षेत्र में सहयोग पर विचार कर रहे हैं।

FTA को अपना पूरा समर्थन देगा जर्मनी

जर्मनी के विदेश मंत्री वेडफुल ने विदेश मंत्री जयशंकर से कहा कि जर्मनी भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए अपना पूरा समर्थन देगा।

अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर भी हुई चर्चा

जोहान ने आगे कहा कि 'एक उभरते आर्थिक पावरहाउस, सबसे ज्यादा आबादी वाले देश और दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के रूप में भारत दुनिया के मानचित्र पर काफी अहमियत रखता है। भारत की रणनीतिक अहमियत बहुत ज्यादा है।' अपनी द्विपक्षीय बैठक में जयशंकर ने अपने जर्मनी के समकक्ष के साथ अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर भी चर्चा की। जर्मनी के विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश रक्षा, सुरक्षा और हथियारों के क्षेत्र में अपने सहयोग का विस्तार करना चाहता है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article