देश

अमेरिका में हैदराबाद के युवक की हत्या, पेट्रोल पंप पर मारी गोली; पढ़ाई करने गया था टेक्सास

अमेरिका में एक हैदराबाद के रहने वाले छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। छात्र अमेरिका के टेक्सास में रह कर पढ़ाई कर रहा था, जहां उसे गोली मारी गई है।

Image

अमेरिका में हैदराबाद के छात्र की हत्या (फोटो- @BRSHarish)

अमेरिका के टेक्सास में एक दुखद घटना में तेलुगु युवक पोल चंद्रशेखर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, चंद्रशेखर पर एक अफ्रीकी-अमेरिकी व्यक्ति ने पेट्रोल पंप पर काम के दौरान हमला किया। घटना के विवरण के अनुसार, चंद्रशेखर पेट्रोल पंप पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे, तभी हमलावर ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई। चंद्रशेखर हैदराबाद का रहने वाला था।

हत्या के आरोपी का पता चला

पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना ने स्थानीय समुदाय में चिंता और शोक की लहर फैला दी है। अभी तक हत्या के पीछे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और गवाहों से विवरण जुटाकर मामले की गहन छानबीन कर रही है।

अमेरिका में नौकरी की तलाश कर रहा था चंद्रशेखर

परिजन ने बताया कि पोल चंद्रशेखर की शुक्रवार रात को डलास (अमेरिका) में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिजन ने सरकार से उसके शव को स्वदेश पहुंचाने में मदद करने का आग्रह किया। चंद्रशेखर के भाई दामोदर ने पत्रकारों को बताया कि हैदराबाद से बीडीएस की पढ़ाई पूरी करने करने के बाद वह (पीड़ित) दो साल पहले एमएस की पढ़ाई के लिए अमेरिका गए थे और उन्होंने छह महीने पहले ही अपनी डिग्री पूरी की थी तथा वह नौकरी तलाश रहे थे। फिलहाल चंद्रशेखर गैस स्टेशन पर अंशकालिक तौर पर काम कर रहे थे।

शव भारत लाने की मांग

तेलंगाना के पूर्व मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक टी. हरीश राव ने शनिवार को बताया कि अमेरिका में गोलीबारी की घटना में हैदराबाद के रहने वाले एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। राव ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने और पार्टी के अन्य नेताओं ने यहां शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राव ने कहा कि पीड़ित पोल चंद्रशेखर ने भारत में बीडीएस की पढ़ाई पूरी की थी और इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए डलास (अमेरिका) गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुखद है कि एल.बी. नगर के दलित छात्र चन्द्रशेखर पोल की आज सुबह बदमाशों द्वारा की गई गोलीबारी में मौत हो गई।’’ बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के भतीजे हरीश राव ने तेलंगाना सरकार से छात्र का शव वापस लाने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article