तेलंगाना के हैदराबाद में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार (Aston Martin Car Accident) की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस मामले में आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद और जनसेना पार्टी नेता लिंगमनेनी रमेश के बेटे लिंगमनेनी संजुश के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, हादसा 16 अगस्त को माधापुर इलाके में इनऑर्बिट मॉल के सामने हुआ था।
मृतक महिला की पहचान भारती मुखी (26) के रूप में हुई है। वह इनऑर्बिट मॉल स्थित लाइफस्टाइल स्टोर में काम करती थीं। पुलिस के अनुसार, भारती अपनी एक सहकर्मी के साथ पास के ITC कोहिनूर इलाके से खाना लेकर वापस काम पर लौट रही थीं। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन ने उन्हें टक्कर मार दी।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में मौत
टक्कर के बाद भारती के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया। पुलिस के मुताबिक, उन्हें उसी कार से जुबली हिल्स स्थित अपोला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनकी सहकर्मी ने मॉल के स्टोर मैनेजर को घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
बीएनएस की धारा 106(1) में केस
माधापुर पुलिस ने संजुश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा लापरवाही या गैर-जिम्मेदाराना कृत्य से मौत होने से संबंधित है। पुलिस का आरोप है कि कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी। मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने संजुश को गिरफ्तार नहीं किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह अपराध जमानती है और इसमें सात साल से कम सजा का प्रावधान है, इसलिए आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कौन हैं लिंगमनेनी संजुश?
लिंगमनेनी संजुश, राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश के बेटे हैं। रमेश जनसेना पार्टी से जुड़े हैं और आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य हैं। रिपोर्टों के मुताबिक संजुश की उम्र 21 से 23 वर्ष के बीच बताई गई है। उनकी शिक्षा अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट डलास से हुई है और वे कुछ कंपनियों में निदेशक के तौर पर भी सूचीबद्ध हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कारकिसके नाम पर पंजीकृत थी और संजुश उस वाहन को किस परिस्थिति में चला रहे थे।
