Aditya Sharma Sailor Death: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। ओमान तट के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले में हमीरपुर के गलोड क्षेत्र के हड़ेटा (हरेटा) गांव के 23 वर्षीय नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई है। आदित्य इस पोत पर 'डेक कैडेट' के रूप में तैनात था। बताया जा रहा है कि ओमान तट (oman coast oil tanker attack) पर अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी के दौरान इस पोत को निशाना बनाया गया, जिसमें इस युवा नाविक ने अपनी जान गंवा दी।
इकलौते बेटे की मौत से गांव में मातम
23 साल का आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जैसे ही आदित्य की मौत की खबर उसके पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इकलौते चिराग के बुझने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों का तांता लगा हुआ है।
उच्च स्तरीय जांच और शव को वापस लाने की मांग
आदित्य के दादा अशोक कुमार ने अपने इकलौते पोते को खोने का दर्द बयां करते हुए स्थानीय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर से इस पूरे मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वहां नाकाबंदी थी, तो शिप के कप्तान को पोत को आगे ले जाने की अनुमति किसने दी थी? उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दुखी पिता राजेश शर्मा और चचेरे भाई सुरेश शर्मा ने भारत सरकार और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर से गुहार लगाई है कि आदित्य के शव को जल्द से जल्द सम्मान सहित भारत और उनके गांव वापस लाया जाए। पिता ने यह भी मांग की है कि घटना के अंतिम पलों (लास्ट मोमेंट) में असल में क्या हुआ था, इसकी पूरी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है।
