Cloudburst Helpline No: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार दोपहर अचानक बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचाई है। यह हादसा धराली गांव में हुआ, जो हर्षिल इलाके के पास है। बादल फटने के बाद आई तेज फ्लैश फ्लड ने दर्जनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया और बाजार को भी भारी नुकसान पहुंचा।
मलबे के साथ गांव में घुसा सैलाब
मंगलवार को दोपहर के समय खीर गाढ़ में अचानक तेजी से मलबा बह कर गांव में घुस गया, जिससे बाजार और रिहायशी इलाकों में तबाही मचा दी। पहाड़ों से आए इस मलबे ने घरों, दुकानों और अन्य ढांचों को तहस-नहस कर दिया। कई लोग अभी भी लापता हैं और जानमाल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।
राहत और बचाव में जुटी टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। हर्षिल से सेना के जवान, भटवाड़ी से पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं हैं। साथ ही, NDRF को भी धराली रवाना कर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्र में जेसीबी और अन्य राहत सामग्री भेजी गई है। राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रशासन ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार:
01374-222722, 7310913129, 7500737269
टोल-फ्री: 1077, आपातकालीन सेवा: 112
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून:
0135-2710334, 2710335, 8218867005, 9058441404
टोल-फ्री: 1070, आपातकालीन सेवा: 112

हेल्पलाइन नंबर हुए हैं जारी
इन नंबरों पर संपर्क कर घटना से संबंधित जानकारी, मृतकों या घायलों के बारे में अपडेट जाना जा सकता है।
पर्यटकों के फंसे होने की आशंका
धराली गांव से गंगोत्री मंदिर की दूरी बहुत कम है, और यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पड़ाव माना जाता है। जिस स्थान पर बादल फटा, वहां कई होटल और बाजार स्थित हैं। घटना के समय बाजार में लोगों की भारी भीड़ थी। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि कई पर्यटक और स्थानीय लोग वहां फंसे हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक प्रशासन ने पर्यटकों की संख्या या स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
उत्तरकाशी प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी पर ही विश्वास करें। प्रशासन और राहत एजेंसियों की ओर से राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घटना की भयावहता को देखते हुए राज्य सरकार भी हालात पर नजर बनाए हुए है।
