देश

जिस सड़क परियोजना के वक्त सचिव थे ज्ञानेश कुमार, उसी में कथित भ्रष्टाचार की जांच फिर शुरू, ठेकेदार VACB के सामने पेश

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के केरल में सचिव पद पर रहने के दौरान सड़क परियोजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच सिलसिले में ठेकेदार वी. ओ. साजन सतर्कता ब्यूरो (VACB) के समक्ष पेश हुए।

Image

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (फाइल फोटो- PTI)

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के कई साल पहले केरलम के लोक निर्माण विभाग में सचिव रहने के दौरान एक सड़क परियोजना में हुए कथित भ्रष्टाचार की प्रारंभिक जांच के सिलसिले में ठेकेदार वी. ओ. साजन सोमवार को यहां सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) के समक्ष पेश हुए। कोल्लम जिले के चदयमंगलम निवासी साजन यहां मुत्तथरा स्थित सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के कार्यालय पहुंचे।

क्या है ठेकेदार का दावा?

साजन ने कार्यालय में प्रवेश करने से पहले पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि मामले की पिछली जांच पर्याप्त नहीं थी और उस दौरान कुमार के पक्ष में बयान दर्ज किए गए, जबकि उनकी कथित संलिप्तता की ओर इशारा करने वाले महत्वपूर्ण सबूतों की अनदेखी की गई। उन्होंने दावा किया, ’’पर्याप्त जानकारी उपलब्ध है। हालांकि, शुरुआती चरण में विस्तृत जांच नहीं की गई जिसके कारण ज्ञानेश कुमार को मामले में आरोपी नहीं बनाया गया।’’

गंभीर आरोप

साजन ने आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़ी कंपनी के तत्कालीन मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक के शुरुआती बयान में कुमार की संलिप्तता का संकेत मिला था लेकिन चार महीने बाद उस अधिकारी को फिर से बुलाया गया और धमकी दी गई कि यदि उसने अपने बयान से कुमार का नाम नहीं हटाया, तो उसके बिलों के भुगतान की मंजूरी में मुश्किलें पैदा की जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरा बयान दबाव डालकर दर्ज कराया गया, जिसके कारण कुमार का नाम हटा दिया गया। साजन ने कहा कि इस संबंध में दस्तावेजी सबूत उपलब्ध हैं और उन्होंने उम्मीद जताई कि वीएसीबी मौजूदा जांच के दौरान इन पहलुओं की भी पड़ताल करेगा।

क्या है पूरा मामला?

हाल में गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने केरलम राज्य परिवहन परियोजना (केएसटीपी) में कथित भ्रष्टाचार की जांच के आदेश दिए। यह परियोजना 2006 में शुरू की गई थी, जब कुमार लोक निर्माण विभाग के सचिव थे। केरलम राज्य परिवहन परियोजना के तहत 2006 में विश्व बैंक की वित्तीय सहायता से 215 करोड़ रुपये की लागत वाली एक परियोजना शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य अंगमाली से तिरुवनंतपुरम तक एमसी रोड के हिस्से का पुनर्निर्माण करना था। इस परियोजना का ठेका मलेशिया की एक कंपनी और भागीरथ इंजीनियरिंग के संयुक्त उद्यम ’पाटी-बेल’ को दिया गया था।

निर्माण कार्य मलेशिया की एक कंपनी ने किया था। उसके परियोजना अभियंता ली सी बीन ने निर्माण के दौरान कथित तौर पर कई शिकायतें की थीं। इसके बाद वह मलेशिया लौट गए, जहां उन्होंने आत्महत्या कर ली। हालांकि, 2006 में मामले की जांच की गई थी, लेकिन बीन की मलेशिया में मृत्यु हो जाने और कुमार के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नयी दिल्ली चले जाने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ सकी।

कुमार के खिलाफ जांच ऐसे समय शुरू की गई है, जब कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कुमार ने जांच और अपने खिलाफ लगे आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article