देश

'पीएम मोदी ने हमें नक्सली कहा, किसमें हिम्मत है...', राहुल गांधी ने PM मोदी को डिबेट की चुनौती देते हुए क्या कहा?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें खुली बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने विपक्ष को ‘नक्सली’ कहा है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी समय और किसी भी जगह प्रधानमंत्री से बहस करने के लिए तैयार हैं। दरअसल, पीएम मोदी ने दिवाली पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के बीच नक्सलवाद के साथ-साथ ‘दिमागी नक्सलियों’ का भी जिक्र किया था।

Image

राहुल गांधी ने दी पीएम मोदी को डिबेट की चुनौती। ANI

Photo : ANI

Rahul Gandhi Targets PM Modi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष को नक्सली करार दिया है। इसी के साथ राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती भी दे दी। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आपके चेहरों ने सब बता दिया कि आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं। उन्होंने हमें नक्सली कहा।"

मैं पीएम मोदी से बहस के लिए हूं तैयार: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी समय और किसी भी जगह उनसे बहस करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बहस का मुद्दा यह होना चाहिए कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है। कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, "मेरी गारंटी है कि उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।"

राहुल गांधी के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा " राहुल जी, आप भी कमाल करते हो। डिबेट के बाद हिम्मत जुटाने या न जुटाने की बात तो तब आएगी, जब डिबेट होगी। इन बेचारों को तो डिबेट के नाम से ही पसीने छूटने लगते हैं। कहते थे घर-घर मोदी, बन गए थर-थर मोदी! डर तो सबको लगता है, गला सबका सूखता है। लेकिन इतना डरोगे तो काम कैसे चलेगा?"

पीएम मोदी ने क्या कहा था?

बता दें कि दिवाली के अवसर पर पीएम मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीवाली का पावन पर्व मनाया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भले ही जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो गया है, लेकिन नक्सलवाद का खतरा अभी टला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि दिमागी नक्सलियों ने राजनीतिक दलों सहित कई संगठनों पर अपना नियंत्रण कर लिया है।

कभी नक्सलवाद का सबसे बड़ा गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में सुरक्षा बलों के पराक्रम और योगदान को सराहते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके बलिदानों और अटूट निष्ठा की वजह से ही हमने यहां से नक्सलवाद के आतंक को पूरी तरह खत्म किया है। उन्होंने कहा कि इस इलाके से नक्सलवाद के खात्मे के बाद यह पहली दिवाली है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article