देश

TIMES NOW EXCLUSIVE: गोवा आग हादसे पर बोले सीएम सावंत- दोषियों को दी जाएगी सजा, किसी को नहीं बख्शा जाएगा

गोवा आग हादसे पर सीएम सावंत ने टाइम्स नाउ (Times Now) के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि हादसे के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। Times Now के सवालों पर क्या-क्या कहा सीएम सावंत ने पढ़ें-

Image

गोवा नाइटक्लब आग हादसे पर सीएम सावंत का बयान (ANI/PTI)

Goa Night Club Fire: उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में बीती रात भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी गोवा के अरपोरा में स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नामक नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार पर्यटक और 14 नाइट क्लब के कर्मचारी हैं जबकि सात अन्य की पहचान की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि घायल हुए छह लोगों का फिलहाल पणजी के निकट बम्बोलिम में स्थित गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।

सीएम सावंत ने टाइम्स नाउ (Times Now) के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि हादसे के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। Times Now के सवालों पर क्या-क्या कहा सीएम सावंत ने पढ़ें-

सवाल- भविष्य में ऐसी भयावह घटनाओं से बचने के लिए आपने क्या-क्या फैसले लिए हैं और क्या-क्या आदेश दिए हैं?

मुख्यमंत्री : अरपोरा की घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी। हमने यह पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं कि अग्नि सुरक्षा मानदंडों का पालन किया गया था या नहीं। पब के महाप्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो और गिरफ्तारियां हुई हैं। मालिक के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी है। 6 घायलों का इलाज जीएमसी में चल रहा है। गोवा में फायर ऑडिट के आदेश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने फोन करके स्थिति का जायजा लिया है। केंद्र की मदद के बाद हम आर्थिक मदद भी देंगे।

सवाल- कई खामियां देखी गई हैं...अग्नि सुरक्षा में खामियां थीं। क्या इसकी जिम्मेदारी आपकी सरकार की भी नहीं है? जांच और संतुलन कहां हैं? प्रवेश और निकास द्वार एक ही क्यों थे? कोई आपातकालीन द्वार नहीं था?

मुख्यमंत्री ; जांच पूरी होने के बाद मैं इस पर टिप्पणी कर सकता हूं। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को सजा दी जाएगी। हम पता लगाएंगे कि यहां क्या गलत हुआ। सुरक्षा ऑडिट के आदेश दिए गए हैं।

सवाल: क्या गोवा के सभी पबों में सुरक्षा ऑडिट होना चाहिए?

मुख्यमंत्री : हां, वे सभी लोग जिन्होंने गोवा में फायर ऑडिट के लिए आवेदन किया है या नियमों का उल्लंघन किया है।

सवाल: गोवा में पीक सीजन शुरू होने से पहले अब पर्यटकों के लिए आपका क्या संदेश है? क्रिसमस और नया साल आ रहा है। पर्यटक डर सकते हैं।

मुख्यमंत्री: मैं सभी से कहना चाहता हूं कि किसी को भी डरना नहीं चाहिए। हमने सभी एहतियाती कदम उठाए हैं। फायर ऑडिट के आदेश दिए गए हैं और अब उनका सख्ती से पालन किया जाएगा।

सवाल: क्या हमें यह पहले ही नहीं कर लेना चाहिए था?

मुख्यमंत्री सावंत: हां, बिल्कुल। हम जांच रिपोर्ट का इंतजार करेंगे और आवश्यकतानुसार कार्रवाई करेंगे।

Aruneel Sadadekar
अरुणील सदड़ेकरauthor

अरुणील सदड़ेकर टाइम्स नाउ नवभारत में प्रिंसिपल कॉरेस्पोंडेंट हैं। 10 साल से वह पत्रकारिता की दुनिया में है और महाराष्ट्र की सियासत पर पैनी नजर रखते हैं। अरुणील को राजनीति के अलावा,इंवेस्टिगेटिंग रिपोर्टस और खेल में भी गहरी रुचि हैं।

और पढ़ें
End of Article