Ashok Gehlot: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को 50 प्रतिशत से अधिक टिकट ‘जेन-जी’ या युवा उम्मीदवारों को देनी चाहिए। गहलोत ने यहां स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर हुई पार्टी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने बैठक के बाद कहा कि उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह योग्यता और जमीनी स्तर से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर होना चाहिए, न कि किसी की सिफारिश पर।
50 प्रतिशत से ज्यादा टिकट ‘जेन-जी’ को युवाओं को दें
गहलोत ने कहा, मैंने कहा है कि 50 प्रतिशत से ज्यादा टिकट ‘जेन-जी’ युवाओं को दें। क्योंकि ‘जेन-जी’ आने के बाद पूरे देश में एक जमाना बदल रहा है, नई पीढ़ी आगे आ रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ लिया जाना चाहिए और उन्हें साथ रखा जाना चाहिए, लेकिन युवा पीढ़ी के महत्व से इनकार नहीं किया जा सकता।
गहलोत ने कहा कि युवाओं को मौका मिलने पर पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और समर्पण भी दिखाना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने जंतर-मंतर पर ‘जेन-जी’ के हालिया आंदोलन और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं से पीढ़ीगत बदलाव का संकेत मिलता है।
गहलोत ने टिकट वितरण को लेकर कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों को स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर योग्यता के आधार पर उम्मीदवार चुनने का अधिकार दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, सिफारिश पर एक भी टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। टिकट सच्चे कार्यकर्ता को ही मिलना चाहिए।
बता दें कि राजस्थान में दो चरणों में निकाय चुनाव होंगे। फलोदी, सलूंबर ऐसे जिले होंगे, जहां सभी नगरीय निकायों के चुनाव एक ही चरण में पूरे करवाए जाएंगे, जबकि शेष 39 जिलों में निकायों के चुनाव दो चरण में करवाए जाएंगे। प्रदेश के 41 जिलों की 309 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका) में इसी महीने चुनाव की घोषणा हो सकती है।
