देश

समृद्धि एक्सप्रेसवे के पास गेल की गैस पाइपलाइन में रिसाव, 24 किमी क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्ट, कहां-कहां असर?

रिसाव की खबर मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा कदम उठाए और गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) के अधिकारियों व तकनीशियनों को सूचित किया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर अग्निशमन गाड़ियां और दमकल दस्ता तैनात कर दिया गया है।

Image

समृद्धि एक्सप्रेसवे रूट डायवर्जन

Photo : PTI

Samruddhi Expressway Traffic Diversion: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में शनिवार देर शाम 'समृद्धि एक्सप्रेसवे' (Samruddhi Expressway) के किनारे बिछी एक गैस पाइपलाइन में रिसाव की घटना सामने आई। इसके बाद एहतियात के तौर पर एक्सप्रेसवे के 24 किलोमीटर लंबे हिस्से पर वाहनों की आवाजाही को रोककर ट्रैफिक को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है।

गंगापुर तालुका में हुई घटना

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गैस रिसाव की यह घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी गांव के पास हुई। रिसाव की खबर मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा कदम उठाए और गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) के अधिकारियों व तकनीशियनों को सूचित किया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर अग्निशमन गाड़ियां और दमकल दस्ता तैनात कर दिया गया है।

इन रास्तों पर बदला गया ट्रैफिक

जिला कलेक्टर विनय गौड़ा जी. सी. द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समृद्धि एक्सप्रेसवे पर चेनेज 447 से 470 (हडस पिंपलगांव से मालीवाड़ा के बीच) का मार्ग प्रभावित हुआ है। इस 24 किमी के हिस्से के बजाय वाहनों को धुले-सोलापुर हाईवे से भेजा जा रहा है:

मुंबई की ओर जाने वाले वाहन हडस पिंपलगांव (Hadas Pimpalgaon) इंटरचेंज से एक्सप्रेसवे से बाहर निकलेंगे, धुले-सोलापुर हाईवे पकड़ेंगे और मालीवाड़ा (Maliwada) इंटरचेंज से पुनः समृद्धि एक्सप्रेसवे पर चढ़ेंगे। नागपुर की ओर जाने वाले वाहन मालीवाड़ा इंटरचेंज से बाहर निकलकर धुले-सोलापुर हाईवे का इस्तेमाल करेंगे और हडस पिंपलगांव से वापस एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करेंगे।

गेल के विशेषज्ञों ने बंद किए वाल्व

जिला प्रशासन ने बताया कि गेल (GAIL) के तकनीशियनों व विशेषज्ञों ने प्रभावित पाइपलाइन के दोनों छोरों के वाल्व बंद कर दिए हैं। इसके बाद पाइपलाइन के भीतर गैस का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। वर्तमान में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा की पुष्टि होते ही जल्द से जल्द इस मार्ग पर सामान्य यातायात बहाल कर दिया जाएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article