शहर

यूपी में वोट चोरी का खेल जारी, 13 लाख फर्जी वोट जुड़वाने का संजय सिंह ने लगाया आरोप, कही ये बातें

संजय सिंह ने गोंडा की तरबगंज विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए दावा किया कि रेशमा नाम की महिला के नाम से 188 मतदाताओं के नाम हटाने के आवेदन दिए गए, लेकिन आवेदक का पता नहीं चल सका। उन्होंने बाबूराम, निशा और अन्य लोगों के नाम से भी बड़ी संख्या में आवेदन आने का जिक्र किया।

Image

संजय सिंह ने लगाए गंभीर आरोप।

आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर प्रदेश की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भी दिल्ली और बंगाल की तरह वोट चोरी का खेल शुरू हो गया है। संजय सिंह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माध्यम से 13 लाख फर्जी वोट जुड़वाए और 85 हजार मतदाताओं के नाम बिना कारण काट दिए गए।

संजय सिंह ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची में जोड़े गए नए नामों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि SIR से पहले उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ 44 लाख मतदाता थे और पुनरीक्षण के दौरान करीब 2 करोड़ 90 लाख नाम काटे जाने की बात सामने आई। उनके मुताबिक, नाम जोड़ने के लिए 84 लाख और नाम हटाने के लिए 4 लाख 30 हजार आवेदन आए। उन्होंने सवाल उठाया कि सार्वजनिक जानकारी में 71 लाख 13 हजार नाम जुड़ने का उल्लेख है, तो बाकी 13 लाख नाम किसके हैं और उन्हें कहां जोड़ा गया? उन्होंने आयोग से बूथवार सूची जारी करने की मांग की।

85 हजार नाम काटने पर उठाए सवाल

आप सांसद ने आरोप लगाया कि नाम हटाने के लिए आए 4 लाख 30 हजार आवेदनों में से 85 हजार मतदाताओं के नाम बिना कारण बताए काट दिए गए। उन्होंने फॉर्म-7 की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि कथित तौर पर स्वतः तैयार हुए फॉर्म में कारण दर्ज नहीं होने के बावजूद नाम कैसे हटाए गए। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव से पहले विपक्षी मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं, जिससे लोग अपने मताधिकार से वंचित रह जाएंगे।

एक नाम से सैकड़ों आवेदन, जांच की मांग

संजय सिंह ने गोंडा की तरबगंज विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए दावा किया कि रेशमा नाम की महिला के नाम से 188 मतदाताओं के नाम हटाने के आवेदन दिए गए, लेकिन आवेदक का पता नहीं चल सका। उन्होंने बाबूराम, निशा और अन्य लोगों के नाम से भी बड़ी संख्या में आवेदन आने का जिक्र किया। उनका आरोप है कि इन आवेदनों में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है। उन्होंने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। संजय सिंह ने भाजपा नेताओं के हर बूथ पर 200 नए नाम जुड़वाने संबंधी बयानों का उल्लेख करते हुए नए मतदाताओं की बूथवार जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने विपक्षी दलों और जनता से समय रहते सतर्क होने की अपील की।

इसके अलावा, उन्होंने लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ के बाद पैदा हुए हालात पर चिंता जताई और योगी सरकार से प्रभावित परिवारों को भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, राशन और साफ-सफाई जैसी जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article