देश

झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन को लगा बड़ा झटका, अदालत ने खारिज की अंतरिम जमानत याचिका

Hemant Soren: जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने शनिवार को ईडी की विशेष अदालत में याचिका दायर कर 13 दिन की अंतरिम जमानत मांगी। उन्होंने कहा है कि उनके चाचा का निधन हो गया। इस वजह से उन्हें अपने चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाए। कोर्ट ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया।

Image

चाचा राजाराम सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पायेंगे हेमंत सोरेन

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Hemant Soren: झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने अपने बड़े चाचा राजाराम सोरेन के अंतिम संस्कार और श्राद्ध में शामिल नहीं हो पाएंगे। पीएमएलए कोर्ट ने अंतरिम बेल की उनकी याचिका नामंजूर कर दी है। सोरेन ने आज ही कोर्ट में लगाई गई याचिका में कहा कि उनके चाचा राजाराम सोरेन का 27 अप्रैल को निधन हो गया। उन्हें उनके अंतिम संस्कार और श्राद्ध में भाग लेने की अनुमति दी जाए। इसके लिए उन्होंने 13 दिनों की अंतरिम जमानत की गुहार लगाई थी। बता दें कि झामुमो के अध्यक्ष शिबू सोरेन के बड़े भाई राजाराम सोरेन का शनिवार सुबह उनके रांची स्थित आवास पर निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार संभवतः रामगढ़ जिला स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा में होगा।

हेमंत सोरेन बिरसा मुंडा होटवार जेल में हैं बंद

बता दें, हेमंत सोरेन इससे पहले भी अंतरिम जमानत को लेकर याचिका दायर कर चुके हैं। बीते दिनों इस मामले में पीएमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई थी जिसमें ईडी ने अपने पक्ष में कहा कि उन्हें अपना जवाब दाखिल करने के लिए और समय दिया जाए। इसके बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए 1 मई का समय तय किया है। फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के बिरसा मुंडा होटवार जेल में बंद हैं। 31 जनवरी को ईडी ने उन्हें बड़गाई अंचल के 8.5 एकड़ जमीन के अवैध खरीद बिक्री मामले में गिरफ्तार किया था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!