टीएमसी नेता और सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ रायपुर में केस दर्ज हुआ है। महुआ मोइत्रा ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था, इसी को लेकर यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
मोइत्रा के बिगड़े बोल
मोइत्रा ने कथित तौर पर कहा है कि भारत में अवैध बांग्लादेशियों की घुसपैठ रोकने में विफल रहने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का "सिर काट देना चाहिए"। उनकी टिप्पणी के तुरंत बाद, माना कैंप पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 और 197 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई। स्थानीय निवासी गोपाल सामंतो की शिकायत के आधार पर 30 अगस्त को माना पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई।
शिकायतकर्ता का आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता गोपाल सामंतो ने आरोप लगाया कि मोइत्रा की टिप्पणी आपत्तिजनक और असंवैधानिक थी। अधिकारी ने बताया कि शिकायत में यह भी कहा गया है कि 1971 में रायपुर के माना कैंप क्षेत्र में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी शरणार्थी बसे थे और मोइत्रा के बयान से उनमें भय पैदा हो गया है, क्योंकि इस तरह की टिप्पणी से अन्य समुदायों में उनके प्रति गुस्सा भड़क सकता है।
