देश

त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रित करने के लिए तीन स्तरों पर निगरानी की जा रही, बोले रेल मंत्री वैष्णव

वैष्णव ने कहा कि जिन प्रमुख रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ की आशंका है, उन पर लगातार नजर रखी जा रही है और जब भी यात्रियों की भीड़ बढ़ती है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ नियंत्रण के अतिरिक्त उपाय करते हैं।

Image

रेल मंत्री अश्विन वैष्णव (PTI)

Seamless Crowd Handling At Railway Stations: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को कहा कि त्योहारी मौसम में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ पर मंडल, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर नजर रखी जा रही है, ताकि उसे कुशलतापूर्वक और निर्बाध रूप से नियंत्रित किया जा सके। दिल्ली रेल भवन के वॉर रूम में संवाददाताओं से बातचीत में वैष्णव ने कहा कि सभी मंडल और जोन सीसीटीवी कैमरों की मदद से वास्तविक समय में स्टेशन पर यात्रियों के आगमन पर नजर रख रहे हैं।

वॉर रूम से हो रही निगरानी

उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड का वॉर रूम निगरानी के तीसरे स्तर के रूप में काम करता है। वैष्णव ने कहा कि जिन प्रमुख रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ की आशंका है, उन पर लगातार नजर रखी जा रही है और जब भी यात्रियों की भीड़ बढ़ती है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ नियंत्रण के अतिरिक्त उपाय करते हैं। वॉर रूम में लगाए गए एक बड़े मॉनिटर की ओर इशारा करते हुए वैष्णव ने कहा कि रेल भवन से सभी प्रमुख स्टेशन पर नजर रखी जा सकेगी और विशेष तथा अन्य ट्रेन के परिचालन की भी वास्तविक समय में समीक्षा की जा सकेगी।

‘होल्डिंग क्षेत्र’ साबित हुआ उपयोगी

रेल मंत्री ने कहा कि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थायी ‘होल्डिंग क्षेत्र’ त्योहारों के दौरान भीड़ को संभालने और उसका प्रबंधन करने में उपयोगी साबित हुआ है। उन्होंने कहा, 16 रेलवे जोन में 76 स्टेशन की पहचान की गई है, जहां स्थायी होल्डिंग क्षेत्र या तो बनाए जा रहे हैं या आने वाले समय में बनाए जाएंगे। इनमें गयाजी, दरभंगा, कानपुर, गुवाहाटी, जयपुर, भोपाल और मैसूरु रेलवे स्टेशन शामिल हैं।

विशेष ट्रेन के देरी से चलने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर वैष्णव ने कहा कि पिछले 24 घंटे में केवल एक ट्रेन छह घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी सभी विशेष ट्रेन के परिचालन पर लगातार नजर रख रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article