देश

AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन से भड़का किसान संगठन, राहुल गांधी से की मांफी की मांग

India AI Summit 2026: कई किसान संगठनों ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की शनिवार को निंदा की और राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

India AI Summit 2026: कई किसान संगठनों ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की शनिवार को निंदा की और राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा। इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को 'एआई इंपैक्ट समिट' के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।

राहुल गांधी पर बरसे नीरज चौधरी

भारतीय किसान यूनियन पथिक ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस युवा शाखा के विरोध प्रदर्शन ने देश को दुनिया के सामने शर्मिंदा किया है। किसान संगठन के अध्यक्ष नीरज चौधरी ने कहा, "गांधी परिवार की मानसिकता हमेशा से ही गद्दार वाली रही है। राहुल गांधी को इस तरह के शर्मनाक विरोध प्रदर्शन के लिए माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा हम सड़कों पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।"

'भारत को बदनाम करने की साजिश'

भारतीय कृषक समाज ने विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह भारत को बदनाम करने की साजिश है। उसने केंद्रीय एजेंसियों से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ "कड़ी से कड़ी कार्रवाई" की मांग की। किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णबीर चौधरी ने एक बयान में कहा, "एआई शिखर सम्मेलन में यूथ कांग्रेस द्वारा प्रदर्शित शर्मनाक उपद्रव देश के लिए कलंक है और दुनिया में देश को बदनाम करने की साजिश है।"

उन्होंने आरोप लगाया, ''कांग्रेस, अंतरराष्ट्रीय भारत-विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश में अराजकता फैलाने की साजिश रच रही है।'' चौधरी ने आरोप लगाया, ''राहुल गांधी और कांग्रेस ने एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए विश्वभर के विदेशी निवेशकों को दूर करने के लिए यह साजिश रची है। कांग्रेस देश में व्यापक हिंसा भड़काने का प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय हित में, केंद्र सरकार की एजेंसियों को इस तरह की राष्ट्रविरोधी साजिशों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।''

जाट महासंघ ने भी जताई नाराजगी

जाट महासंघ ने कहा कि विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कांग्रेस युवा शाखा का विरोध प्रदर्शन यह दर्शाता है कि पार्टी को देश से कोई लगाव नहीं है और सत्ता हासिल करने के लिए वह किसी भी हद तक गिर सकती है। जाट महासंघ ने एक बयान में कहा, ''आज एक बैठक में, जाट समाज ने एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। कांग्रेस को देश की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने का कोई अधिकार नहीं है। अगर पार्टी फिर से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त होती है, तो जाट समाज कांग्रेस के राजनीतिक भविष्य का अंत कर देगा।''

भारतीय किसान यूनियन की दिल्ली इकाई ने भी कांग्रेस की युवा शाखा के विरोध प्रदर्शन की निंदा की और इसे ''देश के खिलाफ साजिश'' बताया। इसके प्रदेश अध्यक्ष सतीश नंबरदार बवाना ने एक बयान में कहा, ''भारतीय किसान यूनियन इसकी कड़ी निंदा करता है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article