Tej Pratap Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से छह साल के लिए और परिवार से बेदखल किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव अपने भतीजे के जन्म पर खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने मंगलवार को X पर पोस्ट अपने एक ट्वीट में कहा कि 'श्री बांके बिहारी जी के असीम कृपा व आशीर्वाद से नवजात शिशु के आगमन ( पुत्ररत्न की प्राप्ति ) पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राजश्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भतीजे को मेरा स्नेहिल आशीर्वाद एवं शुभ प्यार।'
तेज प्रताप के सोशल पोस्ट पर हुई कार्रवाई
दरअसल, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित और परिवार से बेदखल किया है। पारिवारिक मूल्यों एवं 'अमर्यादित आचरण' की वजह से लालू यादव ने यह कार्रवाई की है। बता दें कि बीते 25 मई को तेज प्रताप ने फेसबुक पर अपने अकाउंट से एक तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर में वह एक महिला के साथ नजर आए। इस तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि 'तस्वीर में दिखाई देनी वाली लड़की अनुष्का यादव हैं, और वह उनसे प्रेम करते हैं।' इस पोस्ट के साथ उन्होंने कुछ और बातें लिखी थीं। हालांकि, कुछ देर बाद उन्होंने अपना पोस्ट हटा लिया।
2023 में पहली बार पिता बने तेजस्वी
राजद नेता तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने हैं। उनकी पत्नी राजश्री ने मंगलवार को बेटे को जन्म दिया। तेजस्वी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘सुप्रभात! इंतजार आखिरकार खत्म हुआ! हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और प्रसन्न महसूस कर रहा हूं। जय हनुमान!’’
उन्होंने बच्चे की एक तस्वीर भी साझा की। उनके परिवार के एक सदस्य ने बताया कि बच्चे का जन्म कोलकाता के एक निजी अस्पताल में हुआ, जहां राजश्री पिछले कुछ दिनों से भर्ती थीं। उनकी एक बेटी भी है। तेजस्वी और राजश्री यादव मार्च 2023 में पहली बार माता-पिता बने थे।
‘बाल गोपाल जूनियर तेजस्वी’पधारे -रोहिणी
तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने अपने भाई को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘आज हमारे परिवार के घर - आंगन में नए नन्हे सदस्य ‘बाल गोपाल जूनियर तेजस्वी’ पधारे हैं .. प्रिय भाभी राजश्री - भाई तेजस्वी, लाडली कात्यायनी के साथ-साथ हमारे पूरे परिवार व समस्त राष्ट्रीय जनता दल परिवार को हार्दिक बधाई। हमारे परिवार में यूं ही खुशियां आती रहें और माता एवं पिता का आंगन किलकारियों से सराबोर रहे .. माता-पिता को विशेष बधाई।
