Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों को घेरा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कुलगाम जिले के अखल देवसर वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हो रही है। आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हो गया। गोलीबारी जारी है। रिपोर्टों के अनुसार, 2 से 3 आतंकवादी फंसे हुए हैं।
सुरक्षाबलों ने की इलाके की घेराबंदी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के अखल जिले के वन क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद तलाशी अभियान एनकाउंटर में बदल गया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारी ने बताया कि घेराबंदी को मजबूत किया जा रहा है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल को भेजा गया है।
