देश

राहुल गांधी के आरोपों का चुनाव आयोग ने किया फैक्ट चेक, 'फॉर्म 6' पर दावे को बताया गुमराह करने वाला; पढ़ें पूरा मामला

चुनाव आयोग (ECI) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निराधार व गुमराह करने वाला बताया है। चुनाव आयोग ने फैक्ट चेक करते हुए स्पष्ट किया कि बिहार में SIR से जुड़ा आदेश सर्वसम्मति से जारी हुआ था और 'फॉर्म 6' से जुड़े निर्देशों को सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया है

Image

ज्ञानेश कुमार पर आरोपों के बाद आमने-सामने कांग्रेस और ECI। PTI

Photo : PTI

चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों को निराधार बताया है। दरअसल, एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। इसके बाद चुनाव आयोग की ओर से राहुल गांधी द्वारा ट्वीट में किए गए इस दावे का फैक्ट चेक किया। चुनाव आयोग ने कहा है कि राहुल की पोस्ट में दिया गया बयान गुमराह करने वाला है।

चुनाव आयोग ने कहा," 1- बिहार में SIR के लिए 24 जून 2025 को जारी किया गया आदेश आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी किया गया था। भारत के सुप्रीम कोर्ट ने 27 मई 2026 के अपने फैसले में इस आदेश को सही ठहराया है।

2- ECI ने 26 सितंबर 2026 के अपने प्रेस नोट नंबर 120 के पॉइंट 1(iii) में कहा है कि, "SIR के लिए फॉर्म 6 के साथ लगे घोषणा-पत्र को सुप्रीम कोर्ट ने सही ठहराया है।"

राहुल गांधी ने एक्स हैंडल पर लिखा,"ये बात अब बिना किसी शक के साबित हो चुकी है कि ज्ञानेश कुमार ने गैर-कानूनी और एकतरफा तरीके से 'फॉर्म 6' में बदलाव किया। यह इस बात का एक और सबूत है कि उन्होंने BJP की मदद करने के लिए अपने पद का गलत इस्तेमाल किया। उनको और हमारे लोकतंत्र पर हुए इस आपराधिक हमले में शामिल हर व्यक्ति को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।"

कांग्रेस का क्या है आरोप?

बता दें कि चुनावी प्रक्रिया और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी (SIR) के मुद्दों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन पिछले 4 दिनों से लगातार जारी है। इस आंदोलन को और उग्र बनाने के लिए दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए।

कांग्रेस ने लोकतंत्र को बचाने के लिए पूरे देश में 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' निकालने का ऐलान किया है। इसके तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बाइक-साइकिल रैलियों और पदयात्राओं के जरिए घर-घर जाकर उन मतदाताओं का डेटा जुटाएंगे, जिनके नाम वोटर लिस्ट (SIR) से हटा दिए गए हैं।

संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

राहुल गांधी की टिप्पणी का बीजेपी ने भी पलटवार किया है। बीजेपी नेता संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक्स लिखा, "राहुल गांधी ने एक महत्वपूर्ण बात कही है, जो मिथ्या और झूठ है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने इस मामले में फैक्ट चेक भी जारी किया है।" उन्होंने आगे लिखा, "राहुल गांधी देश के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनसे जिम्मेदारी के साथ काम करने की उम्मीद की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने करीब तीन घंटे पहले एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “यह अब संदेह से परे स्थापित हो चुका है कि ज्ञानेश कुमार ने फॉर्म-6 में अवैध और एकतरफा तरीके से बदलाव किया।”

बीजेपी नेता ने आगे कहा," राहुल गांधी ने आगे चुनाव आयोग पर अपनी स्थिति का दुरुपयोग कर बीजेपी की मदद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयान में सीधे तौर पर बीजेपी का नाम आया है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी इसका जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठी, भ्रामक और तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने वाली बातों को आगे बढ़ने नहीं दिया जाना चाहिए।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!