देश

5 लाख टैबलेट, कैप्सूल और सिरप की बोतलें... दिल्ली में NCB की रेड से खुला तस्करी का बड़ा खेल

एनसीबी ने दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फैले प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। चेनानी में बस से करीब 7 किलो कोडीन कफ सिरप बरामद होने के बाद जांच दिल्ली तक पहुंची। शाहदरा के एक गुप्त गोदाम से 5 लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें जब्त की गईं। मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

Image

दिल्ली के शाहदरा के गोदाम से मिलीं 5 लाख से ज्यादा प्रतिबंधित दवाएं। ANI

Photo : ANI

दिल्ली से कश्मीर घाटी तक प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने भंडाफोड़ किया है। जांच एजेंसी ने दिल्ली और जम्मू में कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराए के मकान में चल रहे एक गुप्त गोदाम का भी पता चला, जहां से 5 लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गई हैं। जब्त दवाओं में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं।

चेनानी में बस से पकड़ी गई कोडीन कफ सिरप की खेप

NCB की जम्मू जोनल यूनिट को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 16 नवंबर 2026 की सुबह उधमपुर जिले के चेनानी में मड़ा टोल प्लाजा के पास एक यात्री बस को रोका गया। यह बस श्रीनगर की ओर जा रही थी। तलाशी के दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब 7 किलो कोडीन बेस्ड कफ सिरप (CBCS) बरामद किया गया।

इसके बाद NCB ने NDPS एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एजेंसी ने यह पता लगाने की कोशिश की कि कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कश्मीर घाटी में किसे पहुंचाया जाना था।

अनंतनाग से दिल्ली तक जुड़ते गए तस्करी के तार

जांच के दौरान एनसीबी की टीम कश्मीर घाटी में इस खेप के मुख्य सप्लायर और रिसीवर तक पहुंचने में जुटी। इसी क्रम में अनंतनाग जिले के रहने वाले एक संदिग्ध मुख्य रिसीवर को पकड़ा गया। इसके बाद जांच का दायरा दिल्ली तक बढ़ाया गया, जहां इस अवैध सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की तलाश शुरू हुई।

जांच एजेंसी को दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराए के एक परिसर में चल रहे गुप्त गोदाम की जानकारी मिली। इसके बाद NCB की टीम ने 18 और 19 नवंबर को यहां तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान गोदाम से 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गईं। इनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं। एनसीबी के मुताबिक, इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

वैध सप्लाई चेन से कैसे डायवर्ट हो रही थीं दवाएं?

एनसीबी अब इस बात की जांच कर रही है कि वैध फार्मास्यूटिकल सप्लाई चेन से इन दवाओं को किस स्तर पर अवैध बाजार में पहुंचाया जा रहा था। एजेंसी नेटवर्क के मुख्य सप्लायर, वितरकों और फंडिंग से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।

जांच का दायरा केवल बरामद दवाओं तक सीमित नहीं है। एनसीबी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दिल्ली से कश्मीर तक दवाओं की सप्लाई कैसे होती थी, इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल था और इसके पीछे आर्थिक लेनदेन का क्या तंत्र काम कर रहा था।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article