Illegal Betting App Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रविवार को पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती और अदाकारा उर्वशी रौतेला को कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धनशोधन मामले में चल रही जांच में शामिल होने के लिए तलब किया।
अदाकाराओं को कब होना है पेश?
समाचार एजेंसी एएनआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि ईडी ने अवैध सट्टेबाजी ऐप 1xbet मामले में मिमी चक्रवर्ती को 15 सितंबर को, जबकि उर्वशी रौतेला को 16 सितंबर को तलब किया है। दोनों अदाकाराओं को दिल्ली मुख्यालय में पेश होने को कहा गया है।
यह मामला शिखर धवन और सुरेश रैना से केंद्रीय एजेंसी द्वारा पूछताछ करने के कुछ दिनों बाद सामने आया। ऐसे में मिमी चक्रवर्ती को सोमवार सुबह ईडी के दिल्ली मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है, जबकि उवर्शी को मंगलवार को पेश होने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान एजेंसी धनशोधन मामले के तहत दोनों के बयान दर्ज कर सकती है।
सनद रहे कि चार सितंबर को, पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन से इसी मामले में ईडी ने लगभग आठ घंटे पूछताछ की थी। अगस्त में, एक अन्य पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से भी संघीय जांच एजेंसी ने इन आरोपों के संबंध में पूछताछ की थी। ईडी ने पिछले महीने इसी मामले में बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा को भी समन जारी किया था। कोलकाता में एक अधिकारी ने बताया कि हाजरा को 16 सितंबर को कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में ईडी अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
