Vote Theft Row: कांग्रेस ने 2024 में महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हुए चुनावों के दौरान मतदान के आंकड़ों में कथित विसंगतियों को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि इस सप्ताह सामने आई कई रिपोर्टों से 'वोट चोरी' के आरोपों को और मजबूती मिली है।
EC पर बरसे जयराम रमेश
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि इस सप्ताह सामने आई कई रिपोर्टों ने 'वोट चोरी' के आरोपों को और मजबूती दी है। विपक्ष पहले भी मतदान के दिन शाम 5 बजे के बाद वोटिंग प्रतिशत में संदिग्ध बढ़ोतरी और मतदान के दिन दर्ज आंकड़ों तथा बाद में जारी आंकड़ों के बीच अंतर को लेकर सवाल उठाता रहा है।
उन्होंने कहा कि एक जांच में खुलासा हुआ है कि 2024 में महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की 200 विधानसभा सीटों पर शाम 5 बजे के बाद मतदान करने वाले मतदाताओं का रिकॉर्ड निर्वाचन आयोग (ECI) के आंतरिक दस्तावेजों में उपलब्ध नहीं है। रिटर्निंग ऑफिसर (RO) की रिपोर्ट में मतदान के अंतिम घंटे के आंकड़े दर्ज नहीं हैं, जबकि चुनाव में संभावित गड़बड़ी रोकने के लिए हर दो घंटे में मतदान के आंकड़ों का मिलान किया जाना जरूरी है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
जयराम रमेश ने कहा कि देर शाम के बाद हुए मतदान को पहले से ही फर्जी मतदान की आशंका के नजरिये से देखा जा रहा है। महाराष्ट्र में शाम 5 बजे तक दर्ज मतदान के आंकड़ों के मुकाबले अंतिम मतदान प्रतिशत में 76 लाख वोट ज्यादा थे। आखिर यह कैसे संभव है? कोपरी-पचपाखड़ी विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर इस हिसाब से पूरे एक घंटे तक हर 15 सेकंड में एक वोट डाले जाने का अनुमान बनता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: न अखिलेश, न शिवपाल कांग्रेस संग सीट शेयरिंग पर ये चार नेता करेंगे बात, जान लें सपा ने किनको दी बड़ी जिम्मेदारी
कांग्रेस ने की CEC के इस्तीफे की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जरिए देश की चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता को खत्म कर दिया है। उन्हें लोकतंत्र के खिलाफ इस गंभीर अपराध के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने सीईसी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए और दोनों को वोट चोरी के आरोपों पर जवाब देना चाहिए।
