बिहार में राजद सुप्रीमो लालू यादव के करीबी नेता सुभाष यादव के ठिकानों पर ईडी की रेड जारी है। राजद नेता सुभाष यादव के 8 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी जारी है। जहां से कई हेरफेर का पता चला है। ईडी की टीमें शनिवार सुबह पटना के दानापुर इलाके में यादव के आवास पर पहुंचीं। साथ ही मां मराचिया देवी अपार्टमेंट स्थित उनके दूसरे घर और नासरीगंज स्थित बिस्किट फैक्ट्री पर भी छापेमारी की गई। सूत्रों ने कहा कि ईडी ने रेत खनन और अन्य वित्तीय लेनदेन से संबंधित दस्तावेजों को स्कैन किया।
सुभाष यादव के ठिकानों से क्या क्या मिला
मिली जानकारी के अनुसार ईडी को सुभाष यादव के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान अभी तक दो करोड़ रुपये मिले हैं। सुभाष यादव के पटना, दानापुर, मनेर समेत कुल आठ ठिकाने पर ईडी ने रेड मारी है। ईडी को दो करोड़ कैश के साथ-साथ जमीन के कई कागजात, साथ ही दूसरे अन्य कागजात मिले हैं।
कौन हैं सुभाष यादव
सुभाष यादव पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। कहा जाता है कि सुभाष यादव का रेत माफिया से संबंध हैं। सुभाष यादव को लालू यादव ने पिछले लोकसभा चुनाव में झारखंड के चतरा सीट से टिकट दिया था। हालांकि सुभाष यादव हार गए थे। सुभाष यादव को अक्सर लालू प्रसाद, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ देखा जाता है।
पहले भी मारा जा चुका है छापा
इससे पहले, आयकर विभाग ने 2018 में कर चोरी के एक मामले में यादव के परिसरों पर छापेमारी की थी। दो साल पहले भी ईडी ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी।
