Jammu Kashmir Earthquake: जम्मू-कश्मीर में शनिवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान बताया जा रहा है। श्रीनगर समेत कई इलाकों में भूकंप के झटके लगे हैं। रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.2 मापी गई है।
अफगानिस्तान था भूकंप का केंद्र
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की सूचना नहीं है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप भारतीय समयानुसार शाम 7:04:31 बजे 215 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप के बाद प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
एनसीएस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "27 जून 2026 को शाम 7:04:51 बजे अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई 215 किलोमीटर थी।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कांपी धरती; इतनी रही तीव्रता
दिल्ली-NCR में भी लगे झटके
शनिवार शाम आए भूकंप में दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों सहित पाकिस्तान के कई इलाकों में भी झटके महसूस किए गए। इस भूकंप के कारण दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई शहरों में लोगों ने कुछ सेकंड तक धरती हिलती महसूस की। बता दें कि इसके भूकंप के कारण अफगानिस्तान के अलावा पाकिस्तान, भारत, चीन, ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान तक कंपन महसूस किया गया।
पाकिस्तान और जापान में भी आए भूकंप
इससे पहले शनिवार को पाकिस्तान में 5.4 तीव्रता का भूकंप आया था। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के अनुसार, इसका केंद्र 35 किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि, इस भूकंप में भी किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली।
वहीं, शुक्रवार को जापान के यामानाशी प्रांत में 5.6 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
