Earthquake in Delhi-NCR: दिल्ली में शनिवार (पांच अगस्त, 2023) रात भूकंप में तेज झटके महसूस किए गए। ये कंपन नौ बजकर 31 मिनट के आसपास महसूस की गई थी। देश की राजधानी से सटे एनसीआर (यूपी के गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और हरियाणा के गुरुग्राम व फरीदाबाद) में भी इस दौरान धरती कांपी। समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को इस बारे में नोएडा में हाईराइज अपार्टमेंट में रहने वाली प्रीति शंकर ने बताया, ‘‘भूकंप रात करीब साढ़े नौ बजे दो बार आया।’’
वैसे, ये झटके जम्मू और कश्मीर में भी महसूस किए गए। वहां भूकंप के झटकों की तीव्रता 5.6 मैग्नीट्यूड आंकी गई। गौर करने वाली बात है कि यह जम्मू-कश्मीर में दिन में आया तीसरा भूकंप था। सुबह इससे पहले आठ बजकर 36 और 10 बजकर 24 मिनट पर क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनके केंद्र पाकिस्तान और हिंदूकुश क्षेत्र में थे। इन दो भूकंपों की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.8 और 5.2 मापी गई।
ताजा भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में (तीव्रता 5.8 रिक्टर स्केल) जमीन की गहराई से 194 किलोमीटर नीचे (अक्षांश पर 36.38 डिग्री उत्तर और देशांतर पर 70.77 डिग्री पूर्व में) था। रात के वक्त जब ये झटके महसूस किए गए, तब लोग आनन फानन अपने घरों से बाहर निकल आए थे।

earthquake in afghanistan
इस बीच, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि झटके पंजाब, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश में भी महसूस किए गए। हालांकि, सबसे अच्छी बात यह है कि फिलहाल इन भूकंप के झटकों के चलते किसी प्रकार के जान-माल क नुकसान की खबर नहीं है।
उधर, पाकिस्तान के भी कुछ हिस्सों में शनिवार को 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। जहां-जहां झटके महसूस किए उनमें लाहौर, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, पेशावर और अन्य शहर शामिल रहे। वैसे, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मुजफ्फराबाद के पास 2005 में सबसे भीषण भूकंप आया था और उसमें 74,000 से अधिक लोग मारे गए थे।
भूकंप आए तब क्या करें?
- जिस वक्त झटके महसूस हों तब आप जल्द से जल्द सुरक्षति स्थान पर जाने की कोशिश करें।
- घर या इमारत में हैं तब खुद को किसी टेबल, डेस्क, बेड या सॉलिड फर्नीचर के नीचे छिपा लें।
- सिर को बचाएं, ताकि आपके ऊपर सीधे तौर पर कुछ न गिरे और आपकी जान जाने का खतरा न रहे।
- अगर आपके आसपास कोई ऑब्जेक्ट है तब उसे पकड़ लें ताकि आपदा के समय आपको थोड़ा सपोर्ट मिलेगा।
