देश

संसद में धर्मेंद्र प्रधान का सुपरस्टार की तरह स्वागत किया जाना शर्मनाक- सरकार पर भड़की प्रियंका गांधी

सोमवार को संसद में धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) का भाजपा सांसदों द्वारा स्वागत किए जाने पर कांग्रेस भड़की दिख रही है। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने इसे लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है।

Image

संसद में प्रियंका गांधी (फोटो- PTI)

संसद के मॉनसून सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि सोमवार को नीट पेपर लीक मामले में मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके धर्मेंद्र प्रधान का जिस तरह से संसद में स्वागत किया गया है, वो शर्मनाक है। वो कोई सुपरस्टार नहीं हैं।

'मोदी सरकार पर कोई भरोसा नहीं कर सकता'

प्रियंका गांधी ने आज संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा, " सबने देखा कि किन हालातों में धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया, लेकिन कल संसद परिसर में उनका ऐसे स्वागत किया गया, जैसे वे कोई सुपरस्टार हों! क्या ये शर्मनाक नहीं है? मोदी सरकार पर कोई भरोसा नहीं कर सकता, क्योंकि आज भी छात्रों को परेशान किया जा रहा है। सरकार को बातचीत कर इस मामले को सुलझाना चाहिए, लेकिन वो अभी भी छात्रों के पीछे पड़े हुए हैं, उनका दमन करना चाहते हैं। ये गलत है।"

राहुल गांधी ने भी बोला था हमला

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि संसद परिसर में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का सम्मान किया जाना ’’लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न’’ है। गांधी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि प्रधान ’’भ्रष्टाचार और भारत की बर्बाद शिक्षा व्यवस्था के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे।’’ गांधी ने कहा कि प्रधान को इस्तीफा भी ’’नैतिकता से नहीं, युवाओं के आक्रोश से डरकर’’ देना पड़ा। उन्होंने कहा, ’’और आज उसी व्यक्ति को संसद में भाजपा माला पहना रही है। यह कोई सम्मान नहीं-लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ’’देश का हर छात्र यह देख रहा है और इसमें शामिल हर चेहरे को याद रखेगा।’’

धर्मेंद्र प्रधान का हुआ था स्वागत

छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले धर्मेंद्र प्रधान सोमवार को जब संसद परिसर पहुंचे तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेताओं ने उनका स्वागत किया और ’प्रधान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। भाजपा सांसदों द्वारा प्रधान का स्वागत किए जाने के समय ही कुछ दूरी पर मौजूद विपक्षी सांसदों ने ’’चोर-चोर, पेपर चोर’’ जैसे नारे लगाए। प्रधान इस्तीफे के बाद सोमवार को पहली बार संसद पहुंचे थे। वह जब संसद परिसर में पहुंचे तो ’मकर द्वार’ के निकट मौजूद भाजपा के कुछ सांसदों ने उनका स्वागत किया और ’प्रधान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। बिहार के दरभंगा से भाजपा के लोकसभा सदस्य गोपाल जी ठाकुर ने उन्हें ’पाग’ (मिथिला की पारंपरिक टोपी) पहनाकर उनका स्वागत किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article