क्रिकेट

विदेश में पहली सीरीज जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम के किस पहलू पर उठाए सवाल?

अपनी कप्तानी में विदेशी सरजमीं पर पहली टी20 सीरीज जीत के बाद भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया है कि टीम के अंदर किन पहलुओं में है सुधार की गुंजाइश?

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट BCCI X)

हैमिल्टन: भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला में अलग-अलग परिस्थितियों में टीम के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं लेकिन उन्होंने कहा कि आगे गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में सुधार करने की जरूरत है। भारत ने शुरुआती तीन मैच जीतने के बाद अंतिम दो मुकाबले गंवा दिए लेकिन शृंखला 3-2 से अपने नाम की। अय्यर ने न्यूजीलैंड जैसी अपरिचित परिस्थितियों में बेहतर क्षेत्ररक्षण की जरूरत पर जोर दिया।

गेंदबाजी और फील्डिंग में कर सकते थे और बेहतर प्रदर्शन

अय्यर ने मैच के बाद कहा,'हम गेंदबाजी तथा क्षेत्ररक्षण में और बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। हमारा क्षेत्ररक्षण थोड़ा ढीला रहा लेकिन यह सीखने का शानदार अनुभव था। विदेश में आकर, न्यूजीलैंड में अलग-अलग परिस्थितियों और मैदानों पर खेलने से हमें काफी कुछ सीखने को मिला। यह हमारे लिए सीखने का शानदार अवसर रहा।'

विदेश में अपनी कप्तानी में अय्यर ने जीती पहली सीरीज

अय्यर की कप्तानी में किसी एईएनए (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देश में भारत ने पहली शृंखला जीती है। उन्होंने आयरलैंड और इंग्लैंड में लगातार दो शृंखलाओं में हार के साथ अपनी कप्तानी की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा,'शुरुआती तीन मैच ने हमारे लिए लय तय की। इसके बाद अंतिम दो मुकाबलों में मुझे लगा कि हम ऐसी स्थिति में थे जहां हम कुछ प्रयोग करना चाहते थे और खुद को थोड़ी अधिक चुनौती देना चाहते थे। आज इसके लिए सही मौका था और जाहिर है कि हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, लेकिन जैसा कि मैंने कहा, यह हमारे लिए सीखने का अच्छा अनुभव रहा।'

विदेश में करना पड़ता है अलग-अलग चुनौतियों का सामना

सुधार की गुंजाइश वाले क्षेत्रों के बारे में पूछे जाने पर भारतीय कप्तान ने कहा, 'मैं इस बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहता क्योंकि हमें अब एकदिवसीय मैच खेलने हैं लेकिन खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं।' उन्होंने कहा,'जब आप विदेश दौरे पर जाते हैं तो खेल के विभिन्न पहलुओं में आपको अलग-अलग चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। जितना अधिक आप इन चुनौतियों का डटकर सामना करते हैं, उतना ही बेहतर होता जाता है।'

सीरीज में अहम मौकों पर चूकने से निराश हैं सेंटनर

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने शुरुआती तीन मुकाबलों में अहम मौकों पर टीम के चूकने पर निराशा जताई। इन तीनों मैच में न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा था। सैंटनर ने कहा,'हम इस शृंखला की समीक्षा करेंगे। हमें पता है कि मुकाबला बेहद करीबी था और भारत एक अच्छी टीम है। शुरुआती दो मैच में कुछ ऐसे छोटे-छोटे मौके थे जहां हम शायद मैचच जीत सकते थे या हमें जीतना चाहिए था। अगर ऐसा होता तो शृंखला का नतीजा कुछ और हो सकता था।'

उलट हो सकता था सीरीज का परिणाम

उन्होंने कहा,'क्रिकेट के नजरिये से देखें तो कई अच्छी बातें रहीं। हमारी बल्लेबाजी काफी अच्छी रही और गेंदबाजी में भी खिलाड़ियों ने अंतिम दो मैच में शानदार ढंग से खुद को परिस्थितियों के अनुरूप ढाला। हमारे लिए कई सकारात्मक पहलू रहे। हालांकि नतीजा भारत के पक्ष में 3-2 दिखता है लेकिन इसके उलट भी हो सकता था।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article