Lok Sabha Debate: लोकसभा में अब पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध थमता दिख रहा है। आज 2 बजे लोकसभा में परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा शुरू हो सकती है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों पक्ष के नेताओं ने इसपर अपनी सहमति दी है। उन्होंने लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी को इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा करनी चाहिए और अपने मत एवं विचार रखने चाहिए। बिरला ने कहा, "मेरा सरकार से भी और विपक्ष से भी आग्रह है कि सभी सहमति बनाएं। आज हम दो बजे इस महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा करेंगे, ऐसा सभी लोगों ने सहमति व्यक्त की है।’’
विपक्ष की ओर से खुद राहुल-प्रियंका संभालेंगे मोर्चा
रिपोर्ट्स के अनुसार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान विपक्ष की ओर से खुद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी मोर्चा संभालेंगी। कांग्रेस की ओर से केसी वेणुगोपाल और गौरव गोगोई भी इस चर्चा में भाग लेंगे। इसके अलावा विपक्ष की और पार्टियों जैसे सपा, टीएमसी, डीएमके, आदि के भी सांसद इस चर्चा में भाग लेंगे।
बीजेपी की भी तैयारी पूरी
लोकसभा में होने वाली इस चर्चा के लिए बीजेपी भी पूरी तैयारी में दिख रही है। सरकार की ओर से सोमवार को ही केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बिल पेश कर चुके हैं। आज इस बिल पर चर्चा के लिए बीजेपी की ओर से बांसुरी स्वराज और तेजस्वी सूर्या होंगे। टीएमसी के बागी गुट शर्मिला सरकार और मिताली बाग, टीडीपी से लवू श्री कृष्ण देवरायालु, शिवसेना से डॉ. श्रीकांत शिंदे, एनसीपी से सुनील तटकरे, अपना दल से अनुप्रिया पटेल और एलजेपी रामविलास से अरुण भारती भाग ले सकते हैं।
विधेयक में क्या?
सदस्यों को वितरित विधेयक की प्रति के अनुसार, परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक करने या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों को कम से कम पांच साल और अधिकतम 10 साल तक के कारावास तथा 50 लाख रुपये तक के जुर्माने की सजा हो सकती है। विधेयक में संगठित अपराधों के लिए कम से कम सात साल के कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित संशोधनों के तहत सभी जांच दो महीने के भीतर पूरी करनी होंगी।
