डिप्टी सीएम बनने के बाद सुनेत्रा पवार ने पहले पोस्ट में क्या लिखा? संभालेंगी अजित 'दादा' के पास रहे तीन विभाग
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 31, 2026, 09:26 PM IST
एनसीपी विधायक दल की नेता और दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेने के दौरान मौजूद एनसीपी नेताओं ने 'अजित दादा अमर रहें'के नारे लगाए। शपथ ग्रहण के बाद सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट लिखा।
डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने पहले सोशल मीडिया पोस्ट में किसे किया याद।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) विधायक दल की नेता और दिवंगत उपख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा ने शनिवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ ग्रहण की।लोक भवन में एक छोटे और सीमित समारोह में राज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई। एनसीपी विधायक दल की नेता और दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेने के दौरान मौजूद एनसीपी नेताओं ने 'अजित दादा अमर रहें'के नारे लगाए। शपथ ग्रहण के बाद सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट लिखा। इसमें उन्होंने अपने पति और अजित पवार को याद किया।
डिप्टी सीएम के रूप में पहले पोस्ट में सुनेत्रा ने क्या लिखा?
सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा 'अजित दादा ने पूरी जिंदगी किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंदों के लिए जीने का मंत्र दिया। आज,उनके विचारों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए और 'शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर'के विचारों को मानते हुए,मैं कर्तव्य की भावना के साथ डिप्टी चीफ मिनिस्टर के पद की जिम्मेदारी स्वीकार कर रही हूं। हालांकि 'दादा' के असमय निधन से मेरे दिल पर दुख का एक बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है,लेकिन उन्होंने जो कर्तव्य के प्रति वफादारी, संघर्ष की ताकत और लोगों के प्रति कमिटमेंट सिखाया,वही मेरा सच्चा सहारा है। मैं उनके सपनों का एक न्यायपूर्ण, बराबर और विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए ईमानदारी से काम करती रहूंगी। इस मुश्किल समय में महाराष्ट्र के लोगों का प्यार भरा साथ ही मेरी ताकत है। अपने विश्वास के बल पर,मैं 'दादा' के विचारों को आगे बढ़ाती रहूंगी और नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ती रहूंगा।'
इससे पहले दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार के एनसीपी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद पार्टी नेताओं ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी।
सुनेत्रा को मिले ये पद
सुनेत्रा पवार को पद ग्रहण करने के बाद राज्य एक्साइज ड्यूटी, खेल और युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ विभाग मिले हैं। वहीं, प्लानिंग और फाइनेंस विभाग पहले दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पास थे। वो अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास हैं।
पीएम मोदी ने दी बधाई
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू करने वाली सुनेत्रा पवार को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू करने वाली सुनेत्रा पवार को हार्दिक शुभकामनाएं। वह इस पद को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वह राज्य की जनता के कल्याण के लिए अथक परिश्रम करेंगी और दिवंगत अजित दादा पवार के सपनों को साकार करेंगी।
भतीजे रोहित पवार ने लिखी भावुक पोस्ट
वहीं, उनके डिप्टी सीएम बनने पर दिवंगत अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखी है। रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मुझे यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि सुनेत्राबाई ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। सच तो यह है कि कोई भी अजित दादा का स्थान नहीं ले सकता, लेकिन कम से कम सुनेत्राबाई के रूप में हम अजित दादा की उपस्थिति को किसी न किसी रूप में देख सकते हैं!उन्होंने कहा कि दुख के पहाड़ से घिरे और शोक में डूबे होने के कारण, हमें यह भी नहीं पता कि उन्हें बधाई कैसे दें!
इन्होंने भी दी बधाई
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि सुनेत्रा पवार ताई ने आज महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी चीफ मिनिस्टर के तौर पर शपथ ली। मैं उन्हें दिल से बधाई देता हूं। राजमाता जिजाऊ, लोकमाता अहिल्यादेवी, क्रांतिज्योति सावित्रीबाई की यह बेटी महाराष्ट्र को छत्रपति शिवाजी का रहनुमा बनाने, राज्य के लोगों की भलाई के लिए बिना थके काम करेगी और स्वर्गीय अजित दादा पवार के सपनों को आगे बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की काबिल लीडरशिप में उनके अच्छे कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।