Parvesh Verma Row: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को प्रवेश वर्मा मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को घेरा। उन्होंने कहा कि सड़क पर सवाल पूछो तो थप्पड़, पेपर लीक पर सवाल पूछो तो लाठी और संसद में सवाल पूछो तो माइक बंद हो जाता है।
प्रवेश वर्मा ने युवक को मारा थप्पड़
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा रविवार को उस समय विवादों में घिर गए जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें वह कथित तौर पर तिलक नगर में सड़क निरीक्षण की रिकॉर्डिंग कर रहे एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। इस मामले को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है।
रायबरेली सांसद ने BJP को घेरा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, ''दिल्ली की भाजपा सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उसका गुनाह? वो वीडियो बना रहा था। मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी और उसके हाथ में कैमरा था।''
रायबरेली सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ''ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है। सड़क पर सवाल पूछो - थप्पड़। पेपर लीक पर सवाल पूछो - लाठी। संसद में सवाल पूछो - माइक बंद। ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं, क्योंकि इन्हें अब ये डर ही नहीं कि चुनाव इन्हें हटा सकता है। वोट चोरी यही खरीदती है - सिर्फ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी।''
उन्होंने कहा कि जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे आपकी रज़ामंदी नहीं चाहिए - आपकी ख़ामोशी और अंधभक्ति चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: प्रवेश वर्मा ने युवक को क्यों मारा थप्पड़? खुद वीडियो जारी कर बताई वजह, पीड़ित बोला- जान से मारने की मिली धमकी
क्या है पूरा मामला
तिलक नगर से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक जरनैल सिंह ने नई बनी सड़क की सतह का कुछ हिस्सा हाथ से ही उखाड़ दिया और उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इस दौरान पास खड़ा एक युवक घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था, तभी प्रवेश वर्मा ने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया।
प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग
जरनैल सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिखे इस घटनाक्रम के बाद आप नेताओं ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की। आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों द्वारा सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद मंत्री ने अपना आपा खो दिया।
