G-20 Summit: राजधानी दिल्ली जी-20 सम्मेलन के लिए पूरी तरह से तैयार है। 9-10 सितंबर को प्रगति मैदान के नए अत्याधुनिक परिसर में सम्मेलन होने जा रहा है। इस मौके पर दिल्ली के इस इलाके को भव्य तरीके से सजाया गया है। इसी कड़ी में पुलिस के एक अधिकारी ने 30 विदेशी मेहमानों के कार्टून बनाए हैं जो 9-10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत आ रहे हैं। उन्होंने 19 राष्ट्राध्यक्षों, दो यूरोपीय संघ के नेताओं और नौ अन्य आमंत्रित मेहमानों के कुल 30 कार्टून बनाए।
एसीपी राजेंद्र ने बनाए कार्टून
दिल्ली के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) राजेंद्र कलकल ने ये कार्टून बनाए हैं और उन्हें प्रदर्शन के लिए पुलिस मुख्यालय भवन में अपने कार्यालय में रखा है। एसीपी कलकल ने एएनआई से बात करते हुए कहा, बचपन से कार्टून बनाना मेरा शौक रहा है। अगर किसी को डांस करना पसंद है तो वह शादी से पहले खुद को तैयार कर लेता है। चूंकि मैं एक कार्टूनिस्ट हूं तो मुझे लगा कि जी20 बैठक के लिए यह एक ही मौका है।
G 20 Summit
समिट से पहले इन कार्टून को बनाने की तैयारियों पर एसीपी ने कहा कि डेढ़ से दो महीने पहले मेरे दिमाग में यह बात आई थी। इसे बनाने में 15 मिनट से आधे घंटे तक का समय लगता है। लेकिन एक कलाकार हमेशा बेहतर करने की इच्छा रखता है। इसलिए मैं इसमें सुधार करते रहता हूं। सबसे पहले खुद को संतुष्ट करना जरूरी है।

G 20 Summit
भारत मंडपम को रोशन किया गया
दिल्ली में 9-10 सितंबर को होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। इस भव्य आयोजन के लिए प्रगति मैदान में भारत मंडपम को रोशन किया गया है और पौधों, फूलों और दूसरी चीजों से सजाया गया है। यहां 28 फुट ऊंची नटराज की मूर्ति भी रात में चमचमाती दिख रही है।
जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए विश्व नेता नई दिल्ली पहुंचेंगे। शिखर सम्मेलन नई दिल्ली के प्रगति मैदान में अत्याधुनिक भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। भारत ने पिछले साल 1 दिसंबर को जी20 की अध्यक्षता संभाली थी और देश भर के 60 शहरों में जी20 से संबंधित लगभग 200 बैठकें आयोजित की गईं थीं।
