देश

"अमीरों की लग्जरी कारों से फैलते प्रदूषण का क्या?" पराली और वाहनों के धुएं पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा सवाल, पूछा तुरंत काबू के लिए क्या करेंगे

दिल्ली-NCR वायु प्रदूषण मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 'खराब' AQI अब सामान्य बात बन चुकी है। CJI सूर्यकांत ने सरकार से पूछा कि प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए तत्काल क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

Image

दिल्ली प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट की तीखी टिप्पणी

Photo : PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पूरे NCR क्षेत्र में जहरीली होती हवा और गहराते वायु प्रदूषण के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने बेहद गंभीर और तल्ख रुख अपनाया है। मामले की सुनवाई करते हुए देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने दो टूक शब्दों में कहा कि दिल्ली-NCR में 'खराब' वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अब एक सामान्य बात बन चुकी है, इसलिए अब ध्यान गंभीर और बेहद गंभीर स्थितियों से निपटने पर केंद्रित होना चाहिए। अदालत ने पराली जलाने के साथ-साथ संपन्न वर्ग की महंगी गाड़ियों से होने वाले उत्सर्जन और प्रदूषण को तुरंत नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन कदमों पर केंद्र और राज्य सरकारों को घेरा।

"समस्या पता है, बताइए तुरंत क्या कदम उठाए जाएंगे?"

सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रदूषण के गहराते संकट पर तुरंत कार्रवाई की जरूरत पर बल दिया। मुख्य न्यायाधीश ने पूछा कि अब क्या किया जाना चाहिए? प्रदूषण को नियंत्रण में रखने के लिए तत्काल कौन से आपातकालीन कदम उठाए जा सकते हैं? समस्या मौजूद है, यह हम सभी जानते हैं। असली सवाल यह है कि इससे तुरंत निपटा कैसे जाए? अदालत के इस सवाल पर केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) ने जवाब दिया कि वायु गुणवत्ता में गिरावट आते ही ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्त और आपातकालीन कदम तुरंत लागू किए जाते हैं।

delhi aqi PTI

दिल्ली की खराब हवा पर मुख्य न्यायाधीश ने पूछे सवाल

"अमीरों की लग्जरी कारों से फैलते प्रदूषण का क्या?"

सुनवाई के दौरान केवल किसानों और पराली पर ही सारा ठीकरा फोड़े जाने को लेकर भी शीर्ष अदालत ने सवाल उठाए। सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि किसानों को उपकरण मुहैया कराए गए हैं और वे प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सड़कों पर दौड़ रही संपन्न वर्ग की महंगी लग्जरी कारों से होने वाले उत्सर्जन का क्या? उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। एएसजी ने कोर्ट को आश्वस्त किया कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी हैं। दिल्ली की सीमाओं में BS-VI मानकों वाले वाहनों के अलावा किसी भी अन्य बाहरी गाड़ी को प्रवेश की इजाजत नहीं दी जा रही है।

हरियाणा और पंजाब में पराली के मामलों में सुधार का दावा

केंद्र सरकार की ओर से एएसजी ने आंकड़ों के हवाले से कोर्ट को बताया कि इस साल खेतों में पराली जलाने की घटनाओं में पहले के मुकाबले कमी आई है। हरियाणा सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदमों के चलते पराली जलाने की घटनाओं में काफी गिरावट दर्ज की गई है। पंजाब में भी स्थिति में पहले से सुधार हुआ है, हालांकि एएसजी ने स्वीकार किया कि पंजाब में अभी इस दिशा में और अधिक प्रभावी काम किए जाने की आवश्यकता है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल बैठकों और कागजी योजनाओं से बात नहीं बनेगी; राजधानी की हवा को सांस लेने योग्य बनाने के लिए धरातल पर आपातकालीन और सख्त कदम उठाने होंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article