आज की ताजा खबर, 6 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: धनतेरस आज, बाजारों में भीड़...दिल्ली के गफ्फार मार्केट में भीषण आग लगी, झारखंड में खतरनाक सड़क दुर्घटना
आज की ताजा खबर लाइव, 6 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [धनतेरस आज], [गफ्फार मार्केट में भीषण आग ], [झारखंड सड़क दुर्घटना] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: दिल्ली के गफ्फार मार्केट में बृहस्पतिवार देर रात मोबाइल फोन के सामान की एक दुकान में भीषण आग लग गई, जिसके बाद दमकल की करीब 22 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में फैल गई और अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, भारतीय मूल की अमेरिकी हरमीत कौर ढिल्लों ने अमेरिका की सहायक अटॉर्नी जनरल एवं न्याय विभाग के नागरिक अधिकार प्रभाग (सिविल राइट्स डिवीजन) की प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया है। अमेरिकी चुनावों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से पद छोड़ने वाली वह पहली वरिष्ठ अधिकारी बन गई हैं। वहीं, झारखंड के खूंटी जिले में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीन बच्चों और तीन महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पढ़ें- अन्य खबरें
आज की ताजा खबर, 6 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: धनतेरस आज, बाजारों में भीड़...दिल्ली के गफ्फार मार्केट में भीषण आग लगी, झारखंड में खतरनाक सड़क दुर्घटना
दिल्ली के गफ्फार मार्केट में भीषण आग लगी
पुलिस ने बताया कि आग चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में फैल गई और अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की संभावित वजह बैटरियों का अत्यधिक गर्म होना या उन्हें जरूरत से ज्यादा चार्ज करना माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात एक बजकर 28 मिनट पर पुरी प्लाजा में आग लगने की सूचना मिली थी, इसके बाद करोल बाग थाने में पीसीआर कॉल आई।
अधिकारी ने कहा, "थाने में रात की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने व्यावसायिक इमारत की दुकान संख्या 13/21 में आग लगी देखी। इस इमारत में मोबाइल फोन के सामान का कारोबार करने वाली दुकानें हैं।"
पुलिस के मुताबिक, आग सबसे पहले भूतल पर स्थित एक दुकान में लगी होने का संदेह है, जहां मोबाइल की बैटरियां रखी हुई थीं। इसके बाद आग चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।
उनके अनुसार, आग बुझाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की करीब 20 से 25 गाड़ियां, सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (कैट्स) की तीन एंबुलेंस और पीसीआर की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
उन्होंने बताया कि आग तेज होने पर दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों को भी काम पर लगाया गया। पुलिस ने बताया कि कई घंटे तक आग बुझाने का अभियान चला, इसके बाद आग पर काबू पाया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा और विद्युत निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी इमारत की जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री तो नहीं रखी गई थी।
पुलिस ने बताया कि इन रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, साथ ही, मानव जीवन को किसी तरह के खतरे की आशंका को दूर करने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन या प्रमाणपत्र भी मांगा जाएगा।
अधिकारी ने कहा, "आग बुझा दी गई है और मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।"
पश्चिमी तुर्किये में शॉटगन से लैस हमलावर ने तीन जगहों पर आठ लोगों की हत्या की
अधिकारियों और खबरों के मुताबिक, बाद में हमलावर को पकड़ लिया गया। उसके पास शॉटगन थी। इस गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
इसमें कहा गया है कि अफ्योनकाराहिसार प्रांत में हुए इस हमले के पीछे का मकसद तत्काल पता नहीं चल सका है।
सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु के मुताबिक, तीन शव अयाजिनी गांव में मिले, जबकि तीन अन्य की पास के कियिर गांव में हत्या कर दी गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि युकारीतांदिर गांव में हुए हमले में घायल हुई दो महिलाओं की बाद में अस्पताल में मौत हो गई।
गवर्नर कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू की और बाद में उसे पड़ोसी एस्कीशेहिर प्रांत से पकड़ लिया।
भारतीय मूल की नित्या रमन ने लॉस एंजिलिस में रचा इतिहास, बनेंगी अगली मेयर
रमन (45) लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल की सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने तीन नवंबर को हुए चुनाव में 73 वर्षीय मौजूदा मेयर करेन बैस को हराया।
इस जीत के साथ ही अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों न्यूयॉर्क और लॉस एंजिलिस की कमान अब भारतीय मूल के ऐसे मेयर के हाथ में है, जो डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट हैं।
रमन ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ’’लॉस एंजिलिस, आपकी अगली महापौर बनना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। उन हजारों लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने घर-घर जाकर प्रचार किया, संदेश भेजे, फोन किए और अपने पड़ोसियों को इस बड़े, खूबसूरत और जीवंत शहर की संभावनाओं पर भरोसा करने के लिए राजी किया, जिसे हम अपना घर कहते हैं।’’
रमन ने अपनी पूर्ववर्ती और लॉस एंजिलिस की पहली महिला मेयर बैस के दशकों लंबे सार्वजनिक सेवाकाल की भी सराहना की।
रमन ने कहा, ’’मैं हर दिन सिटी हॉल जाकर आपका भरोसा जीतने और इस शहर में लोगों का विश्वास फिर से कायम करने के लिए काम करूंगी। यह काम अभी से शुरू होता है, ताकि हम ऐसे घर बना सकें जिन्हें लोग खरीद या किराये पर ले सकें, बच्चों के खेलने के लिए पार्क बना सकें, ऐसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था तैयार कर सकें जो लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाए, ऐसा शहर बना सकें जो कामकाजी लोगों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षित हो और ऐसी नगर सरकार तैयार कर सकें, जो वास्तव में अपने वादों को पूरा करने में सक्षम हो।’’
केरलम में जन्मी रमन लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल के डिस्ट्रिक्ट-4 का प्रतिनिधित्व करती थीं। उन्होंने शहरी नियोजन का अध्ययन किया है। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है।
झारखंड के खूंटी में तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बच्चों समेत सात लोगों को कुचला
यह हादसा बृहस्पतिवार रात कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर हुआ। हादसे में शामिल ट्रक 18 पहियों वाला था और तेज रफ्तार से आ रहा था।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने लोगों को कुचल दिया, जिससे सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।’’
उन्होंने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं।
