बिजनेस

दुनिया पर मंडरा रहा आर्थिक संकट? Peter Schiff ने बताया कैसे बचा सकते हैं अपना पोर्टफोलियो?

मशहूर निवेशक और ब्रोकर पीटर शिफ का दावा है कि दुनिया बड़ी आर्थिक तबाही के मुहाने पर है। अगर आम निवेशकों को इस तबाही से बचना है, तो उनको अपने पोर्टफोलियो में कुछ खास करेक्शन जरूर करने चाहिए।

Image

गोल्ड में निवेश की सलाह

मशहूर अमेरिकी निवेशक और ब्रोकर पीटर शिफ (Peter Schiff) ने रिटेल निवेशकों को पोर्टफोलियो में 10% से 20% तक हिस्सा फिजिकल गोल्ड और सिल्वर में रखने की सलाह दी है। उनका मानना है कि बढ़ता सरकारी कर्ज, महंगाई और करेंसी की घटती खरीदारी क्षमता के बीच कीमती धातुएं निवेशकों के लिए सुरक्षा कवच बन सकती हैं।

हालांकि, शिफ की यह सलाह सिर्फ सोने की कीमतों में तेजी की उम्मीद पर आधारित नहीं है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और मौजूदा मौद्रिक व्यवस्था को लेकर उनकी चिंताओं से भी जुड़ी है।

यह सलाह उन्होंने रिटेल निवेशक के लिए 10,000 डॉलर के काल्पनिक निवेश का बंटवारा पूछे जाने पर दी। उनका कहना था कि निवेशकों को अपनी कुल निवेश राशि का 10% से लेकर 20% तक फिजिकल प्रेशियस मेटल्स में रखना चाहिए। इसमें गोल्ड और सिल्वर शामिल हैं।

गोल्ड को लेकर क्या सलाह?

शिफ की पूरी निवेश रणनीति अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर उनकी आशंकाओं पर आधारित है। उनका मानना है कि अमेरिका पर बढ़ता कर्ज और ऊंची ब्याज दरें आने वाले समय में वित्तीय दबाव बढ़ा सकती हैं। सरकार के लिए महंगाई को नियंत्रित करते हुए ब्याज दरें ऊंची बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। 8 अक्टूबर, 2026 को Kitco News को दिए इंटरव्यू में भी उन्होंने इसी मुद्दे पर चिंता जताई थी। उनका तर्क है कि अगर ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बावजूद महंगाई उससे ज्यादा बनी रहती है, तो निवेशकों के लिए कैश और बॉन्ड में पैसा रखने से वास्तविक रिटर्न कमजोर हो सकता है। ऐसे में गोल्ड और सिल्वर की मांग बढ़ सकती है।

10% से 20% का निवेश कैसे समझें?

TheStreet के साथ बातचीत में जब शिफ से पूछा गया कि अगर किसी रिटेल निवेशक को 10,000 डॉलर निवेश करने हों तो वह कहां पैसा लगाए, तब उन्होंने फिजिकल प्रेशियस मेटल्स में 10-20% हिस्सेदारी रखने की बात कही। उनकी कंपनी SchiffGold की वेबसाइट पर दिए गए एक पुराने दिशानिर्देश के मुताबिक, इस हिस्से में करीब दो-तिहाई गोल्ड और एक-तिहाई सिल्वर रखा जा सकता है। हालांकि, यह उनकी कंपनी की ओर से बताया गया सामान्य अनुपात है, हर निवेशक के लिए अनिवार्य फॉर्मूला नहीं।

कौन हैं पीटर शिफ?

पीटर शिफ अमेरिकी स्टॉक ब्रोकर, अर्थशास्त्र टिप्पणीकार और निवेश रणनीतिकार हैं। वह Euro Pacific Asset Management में चीफ इकोनॉमिस्ट और ग्लोबल स्ट्रैटेजिस्ट हैं। साथ ही SchiffGold के चेयरमैन भी हैं। 2008 के वित्तीय संकट से पहले अमेरिकी हाउसिंग मार्केट में बुलबुले को लेकर उनकी चेतावनियों ने उन्हें पहचान दिलाई थी। हालांकि, डॉलर के कमजोर होने, हाइपरइन्फ्लेशन और आर्थिक संकट को लेकर उनकी कई भविष्यवाणियों की टाइमिंग गलत रही है। इसलिए उनकी राय को बाजार का निश्चित अनुमान मानने के बजाय एक निवेश दृष्टिकोण के तौर पर देखना चाहिए।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article