Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में सुगबुगाहट तेज हो गई है। यह सुगबुगाहट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों खेमों के एक होने की चर्चाओं से जुड़ी है। दरअसल, सूत्रों का कहना है कि शरद पवार और अजित पवार गुट के नेता आपस में विलय चाहते हैं। दोनों गुट चाहते हैं कि वे एक बार फिर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का हिस्सा बन जाएं। खास बात यह भी है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी दोनों गुटों के विलय के पक्ष में है। हालांकि, सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार इसका विरोध कर रहे हैं।
शरद पवार से अस्पताल में मिले प्रफुल्ल पटेल
गुरुवार शाम को प्रफुल पटेल शरद पवार का हालचाल जानने मुम्बई के ब्रीच कैंडी अस्पताल भी गए थे। सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच NCP के संभावित विलय को लेकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीनियर पवार को दिए गए संदेश को लेकर भी चर्चा हुई। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार को हालचाल पूछने के लिए फोन किया। अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए शरद पवार के मित्र विठ्ठल मनियार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से फोन पर बातचीत कर उनका हाल चाल जाना। पीएम मोदी ने शरद पवार से आग्रह किया है कि वो अपनी सेहत पर ध्यान दें और आराम करें। पीएम मोदी ने कथित रूप से शरद पवार से कहा, 'सुप्रिया अब तैयार है। सुप्रिया और हम देश संभाल लेंगे।
पीएम मोदी के फोन कॉल और प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से मुलाकात के बाद एनसीपी के विलय की चर्चाओं ने ज्यादा जोर पकड़ लिया है।
BJP को क्या मिलेगा?
एनसीपी का यदि विलय हो जाता है और वह एनडीए में शामिल हो जाती है तो इससे इंडिया ब्लॉक को बड़ा झटका लगेगा। NCP SP गुट के पास आठ सांसद हैं। यही नहीं शरद पवार इंडिया ब्लॉक के सबसे वरिष्ठ नेता हैं। उनके NDA में शामिल होने से इंडिया ब्लॉक की तरफ बढ़ते विरोध और उसकी मुहिम को झटका लग सकता है।
शरद पवार कैंप को क्या मिलेगा?
बेटी सुप्रिया सुले के लिए कैबिनेट मंत्री पद, साथ ही एकजुट NCP खेमे में उनका राजनीतिक भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। जयंत पाटिल जैसे सीनियर नेता को महाराष्ट्र कैबिनेट में वित्त मंत्रालय मिल सकता है।
अमित शाह से मिले एनसीपी नेता
NCP के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। कुछ मीडिया रिपोट्स ने दावा किया था की नेताओं ने सुनेत्रा पवार और उनके बेटे, राज्यसभा सांसद पार्थ पवार के एकतरफा फैसलों को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि, NCP ने सोमवार को मुंबई में हुई कोर कमेटी की बैठक के बाद विलय की संभावना खारिज कर दी। महाराष्ट्र NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा, 'हम सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे। NCP (शरदचंद्र पवार) के साथ विलय की संभावना खारिज कर दी गई है।'
