दिल्ली सरकार की ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को अब जल्द पेंशन का लाभ मिलना शुरू होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि 27 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां पात्र महिलाओं को पेंशन के आधिकारिक पत्र सौंपे जाएंगे। वहीं, 1 सितंबर से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
योजना को लेकर दिल्ली की महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सरकार के मुताबिक, योजना शुरू होने के महज 18 दिनों में करीब 8 लाख महिलाओं ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है, जबकि 5 लाख से अधिक आवेदन अंतिम रूप से जमा हो चुके हैं।
आवेदन की जांच में तेजी के निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिला स्तर की समितियों को सभी आवेदनों की गहन जांच और निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को बिना अनावश्यक देरी के योजना का लाभ मिलना चाहिए। किसी आवेदन में जानकारी संदिग्ध होने पर जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों को उसकी पूरी जांच करने को कहा गया है।
गलती सुधारने का मिलेगा मौका
सरकार जल्द ही दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऐसी सुविधा शुरू करेगी, जिसके जरिए आवेदन में गलत या अधूरी जानकारी भरने वाली पात्र महिलाओं को जानकारी सुधारने का एक और मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय समितियों के काम की सराहना करते हुए अधिकारियों से विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और योजना को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए। सरकार का कहना है कि कम समय में मिले इतने बड़े जनसमर्थन से महिलाओं के बीच योजना को लेकर भरोसा और उम्मीद साफ दिखाई दे रही है।
किन्हें मिलेगा लाभ
बता दें कि इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनकी उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच है, वे कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की स्थायी निवासी हैं, और उनके परिवार की कुल वार्षिक आय ₹2.50 लाख से अधिक नहीं है। इसके अतिरिक्त, एक परिवार से केवल एक ही महिला इस योजना के लिए आवेदन कर सकती है, और यदि किसी घर में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं, तो सबसे अधिक उम्र वाली महिला को प्राथमिकता दी जाएगी।
इन महिलाओं को नहीं मिलेंगे 2500 रुपए
सरकार द्वारा जारी किए गए नियमों के अनुसार कई परिवार इस योजना से सीधे तौर पर बाहर हो जाएंगे। जिन महिलाओं के तीन से अधिक जीवित बच्चे हैं, वे इस योजना के लिए पूरी तरह से अपात्र मानी जाएंगी। इसके साथ ही, यदि किसी परिवार की सालाना बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक है, या परिवार का कोई भी सदस्य आयकर (Income Tax) भरता है या सरकारी नौकरी में है, तो उन्हें इस वित्तीय सहायता का लाभ नहीं मिलेगा। चार पहिया वाहन (4-Wheeler) के मालिकों, किसी भी प्रकार की पेंशन या अन्य सरकारी सहायता प्राप्त करने वाली महिलाओं, तथा आपराधिक रिकॉर्ड वाले परिवारों के आवेदनों को भी सीधे खारिज कर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि इस योजना की आर्थिक मदद केवल बेहद जरूरतमंद और निम्न-आय वर्ग की महिलाओं तक ही पहुंचे।
कौन कौन से डॉक्यूमेंट चाहिए?
दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं के पास कुछ महत्वपूर्ण पहचान और आय से जुड़े दस्तावेजों का होना आवश्यक है।
- आवेदन के दौरान दिल्ली का पता दर्शाने वाला पहचान पत्र
- वार्षिक आय साबित करने के लिए आय प्रमाण पत्र (Income Certificate)
- राशन कार्ड
- आवेदक महिला का पासपोर्ट साइज फोटो
- बैंक अकाउंट पासबुक
- बैंक खाते का सही विवरण और डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के लिए सक्रिय होना अनिवार्य है
