देश

राबड़ी देवी ने दाखिल कीं तीन याचिकाएं, कोर्ट ने CBI और ED को जारी किया नोटिस, मांगा जवाब; जानें पूरा मामला

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में तीन महत्वपूर्ण याचिकाएं दाखिल की हैं। जिला जज की अदालत ने राबड़ी देवी की इन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया है और सीबीआई एवं ईडी से जवाब मांगा है। अदालत अब इन एजेंसियों के जवाब के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय करेगी।

Image

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (फाइल फोटो साभार: ANI )

Photo : ANI

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में तीन महत्वपूर्ण याचिकाएं दाखिल की हैं। इन याचिकाओं में उन्होंने ईडी के दो मामले, लैंड फॉर जॉब और आईआरसीटीसी घोटाले, के साथ ही सीबीआई के लैंड फॉर जॉब मामले को वर्तमान में जज विशाल गोगने की अदालत से किसी अन्य कोर्ट में स्थानांतरित करने की मांग की है।

कोर्ट ने CBI और ED को जारी किया नोटिस

जिला जज की अदालत ने राबड़ी देवी की इन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया है और सीबीआई एवं ईडी से जवाब मांगा है। अदालत अब इन एजेंसियों के जवाब के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय करेगी। इन याचिकाओं पर अगली सुनवाई 6 दिसंबर को निर्धारित की गई है। इससे पहले भी राबड़ी देवी ने आईआरसीटीसी से जुड़े सीबीआई मामले में कोर्ट ट्रांसफर की मांग की थी, जिसकी सुनवाई भी 6 दिसंबर को ही होनी है।

राबड़ी देवी ने दायर की याचिका

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी ने 24 नवंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट में एक महत्वपूर्ण याचिका दाखिल कर आईआरसीटीसी घोटाला मामले की सुनवाई कर रही अदालत पर पक्षपात का आरोप लगाया और केस को किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की थी। राबड़ी देवी का कहना था कि अदालत पूर्व-नियोजित तरीके से केस को आगे बढ़ा रही है और उनका न्यायिक दृष्टिकोण निष्पक्ष नहीं दिख रहा है। इसी कारण उन्होंने केस ट्रांसफर की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

जस्टिस विशाल गोगने की अदालत वर्तमान में आईआरसीटीसी घोटाले मामले में राबड़ी देवी, लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव समेत कई अन्य के खिलाफ आरोप तय किए जाने के बाद सुनवाई कर रही है। यह मामला रेल होटल आवंटन में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है, जिसमें सीबीआई ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे पहले 11 नवंबर को अदालत ने उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने दैनिक सुनवाई का विरोध किया था।

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, आईआरसीटीसी होटल स्कैम केस में पिछले महीने इंडियन पीनल कोड के सेक्शन 420 और 120बी और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के प्रावधानों के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया गया था। यह मामला 2004 और 2009 के बीच आईआरसीटीसी होटलों के कथित तौर पर गलत लीज-आउट से जुड़ा है, तब लालू प्रसाद यादव केंद्रीय रेल मंत्री थे।

सीबीआई के जमीन के बदले नौकरी केस में, एजेंसी का दावा है कि रेलवे में ग्रुप-डी पोस्ट के लिए कैंडिडेट ने नौकरी के बदले लालू प्रसाद के परिवार के सदस्यों या बेनामी कंपनियों को जमीन ट्रांसफर की। वहीं, ईडी दावा कर रही है कि इन ट्रांजेक्शनों के जरिए भ्रष्टाचार किया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article