देश

Coronavirus: कोविड को ना करें नजरंदाज, देश के 9 जिलों में है यह हाल

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Mar 16, 2023, 08:38 AM IST

Covid Positivity rate: देश के अलग अलग राज्यों के 9 जिलों में कोविड पॉजिटिविटी रेट में इजाफा हुआ है। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर आंकड़ा 1 फीसद पर है।

Image

देश के 9 जिलों में कोरोना के मामले बढ़े

Covid Positivity rate: 2020, 2021 और 2022 को भुला पाना किसी के लिए आसान नहीं होगा। कोरोना अलग अलग रूप और रंग में तांडव मचा रहा था। सरकारी व्यवस्था सवालों के घेरे में थी। लेकिन क्या अब कोविड से किसी तरह का खतरा नहीं है, क्या कोविड के वायरस अब हमारे आसपास नहीं हैं। अगर आप ऐसा सोच रहे हैं तो गलतफहमी में हैं। एक आंकड़े के मुताबिक देश के 9 जिलों का हाल ठीक नहीं है। कोविड पॉटजटिविटी रेट इन 9 जिलों में 10 फीसद के बराबर या उससे अधिक है।

इन जिलों में कोरोना केस में इजाफा

8 मार्च से 14 मार्च के आंकड़ों से पता चला है कि उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में कोविड पॉजिटिविटी करीब 25 फीसद, एजवाल में 16.67 फीसदी, शिमला में 14.29 फीसदी, मंडी में 13 फीसदी, सोलन में 12.05 फीसदी, गिर सोमनाथ में 11.76 फीसद है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो डेटा जारी किया है उसके मुताबिक महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के 15 जिलों में कोविड पॉजिटिविटी 5 से 10 फीसद के बीच है।

जीनोम सिक्वेंसिंग अच्छा विचार

अगर बात दिल्ली की करें तो यहां पॉजिटिविटी रेट 3.05 फीसद है, बुधवार को कुल 1379 सैंपल में से 43 पॉजिटिव पाए गए। राष्ट्रीय स्तर पर कोविड पॉजिटिविटी 1 फीसद के आंकड़े से कम है। पिछले 24 घंटों में कुल 95, 385 सैंपल की टेस्टिंग हुई जिसमें 618 लोग पॉजिटिव पाए गए। कोविड पॉजिटिविटी रेट की गणना सैंपल के आधार पर पॉजिटिव पाए जाने वालों की संख्या से होती है। आईसीएमआर के डॉक्टर एन के मेहरा बताते हैं कि जिन इलाकों में पॉजिटिविटी रेट ज्यादा है वहां जीनोम सिक्वेंसिंग का फैसला अच्छा विचार है ताकि किसी नए तरह के वैरिएंट की संभावना को खारिज किया जा सके।

ललित राय
ललित रायauthor

खबरों को सटीक, तार्किक और विश्लेषण के अंदाज में पेश करना पेशा है। पिछले 10 वर्षों से डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article