देश के 27 राज्यों में कोरोना के नए मामले सामने आ चुके हैं। एक के बाद एक राज्य कोविड की चपेट में आ रहे हैं और मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। भारत सरकार के आंकड़ों को अनुसार देश में अभी कोविड के सक्रिय मरीजों की संख्या 3758 है। जिसमें केरल में सबसे ज्यादा 1400 मरीज हैं।
चंडीगढ़ में सबसे कम मरीज
चंडीगढ़ में सिर्फ एक मरीज कोविड से संक्रमित है, जबकि आंध्र प्रदेश में 23, दिल्ली में 436, गुजरात में 320, कर्नाटक में 228, तमिलनाडु में 191 कोविड के मरीज इलाजरत हैं। वहीं 1800 से ऊपर कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं।
महाराष्ट्र में बढ़ रहा कोरोना
महाराष्ट्र में कोविड-19 के मामलों में तेजी से वृद्धि देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को राज्य में कोरोना के 65 नए मामले सामने आए। इनमें से 22 मामले मुंबई से, 25 पुणे से, नौ ठाणे से, छह पिंपरी-चिंचवड से, दो कोल्हापुर से और एक नागपुर से सामने आए हैं। हालांकि, राहत भरी खबर यह है कि राज्य में 300 मरीज ठीक भी हुए हैं। वर्तमान में सक्रिय कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या 506 है। उल्लेखनीय है कि जनवरी से अब तक राज्य में 11,501 स्वैब नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 814 लोग इस संक्रामक बीमारी से पीड़ित पाए गए। इनमें से 463 मामले अकेले मुंबई से सामने आए हैं। जनवरी से अब तक कोविड-19 के कारण महाराष्ट्र में कुल आठ लोग जिंदगी की जंग हार चुके हैं। इनमें से सात मरीजों की मृत्यु के पीछे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पहला मरीज हाइपोकैल्सेमिक दौरे (हाइपोकैल्सेमिया) और नेफ्रोटिक सिंड्रोम से पीड़ित था। दूसरा मरीज कैंसर से ग्रस्त था। तीसरे मरीज को स्ट्रोक (सेरेब्रोवास्कुलर डिजीज) हुआ था और उसे दौरे पड़ रहे थे। चौथा मरीज डायबिटिक कीटोएसिडोसिस (डीकेए) और निचले श्वसन तंत्र के संक्रमण (एलआरटीआई) से पीड़ित था। पांचवें मरीज को इंटरस्टीशियल लंग डिजीज (आईएलडी) था।
बंगाल में भी कोविड के मरीजों में वृद्धि
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 82 नये मामले सामने आए। इसके साथ ही, राज्य में उपचाराधीन मरीजों की कुल संख्या बढ़ कर 287 हो गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि इस अवधि के दौरान छह लोगों के ठीक होने बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गईं।
